वाम मोर्चे ने पश्चिम बंगाल में शुक्रवार सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक 12 घंटे के बंद का आह्वान किया है। वाम मोर्चे के चेयरमैन बिमान बोस ने बताया कि गुरुवार को पार्टी कार्यकर्ताओं की रैली के दौरान उन पर पुलिस द्वारा कोलकाता के नबान्न इलाके में लाठीचार्ज द्वारा पानी की बौछारें मारे जाने के खिलाफ बंद रखा जाएगा।
उधर बंद से निपटने के लिए ममता बनर्जी नीत तृणमूल कांग्रेस सरकार ने कमर कस ली है। गुरुवार शाम सरकार ने बयान जारी कर कहा कि शुक्रवार को सारे सरकारी व अनुदान प्राप्त कार्यालय खुले रहेंगे। सभी कर्मचारियों को पहुंचना जरूरी है। किसी कर्मचारी को छुट्टी या आकस्मिक अवकाश नहीं दिया जाएगा। पाली बदलने या तैनाती बदलने की सुविधा भी नहीं दी जाएगी।
बता दें वाम मोर्चा के कार्यकर्ताओं की केंद्रीय कोलकाता के एस्प्लेनेड क्षेत्र में बृहस्पतिवार दोपहर में पुलिस के साथ झड़प हुई क्योंकि कार्यकर्ताओं ने रोजगार की मांग को लेकर राज्य के सचिवालय नबान्न तक के अपने मार्च के रास्ते में लगे बैरिकेड को तोड़ने की कोशिश की। मार्च कॉलेज स्ट्रीट से शुरू हुआ लेकिन पुलिस ने उसे एस्प्लेनेड क्षेत्र में एसएन बनर्जी रोड पर रोक दिया।