सांसदों के साथ मीटिंग करते नरेंद्र मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात और राजस्थान के सासंदों के साथ नाश्ता किया। इस दौरान उन्होंने दोनों राज्यों में चुनाव की तैयारियों पर चर्चा की। वहां गोवा, अंडमान और निकोबार और दमन-दीव के भी सांसद थे। बताते चलें कि इससे पहले उन्होंने उत्तर प्रदेश के सांसदों के साथ नाश्ता किया था और रिकॉर्ड जीत पर उन्हें बधाई दी थी।
इंडियन एक्सप्रेस की खबर के मुताबिक, मोदी ने सांसदों से कहा है कि वह चुनाव की तैयारी में लग जाएं, किसी भी समय इसकी तारीख आ सकती है। रिपोर्ट में एक सांसद के हवाले से कहा गया है कि उनसे मीटिंग में कहा गया, आप चुनाव मोड में आ जाइए। केंद्र और राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे स्कीम को जन-जन तक पहुंचाइए।
इस मीटिंग को अमित शाह ने भी संबोधित किया। इसमें लालकृष्ण आडवाणी और अनंत कुमार भी मौजूद थे। इस दौरान सांसदों को जिम्मेदारी भी दी गई।
गुजरात में इस साल और राजस्थान में अगले साल चुनाव होने हैं। दोनों ही जगह बीजेपी की सरकार है। गुजरात में 19 साल से बीजेपी का शासन है और 183 सीट में से 123 सीट पर उसका कब्जा है। इसे देखते हुए इस साल 'मिशन 150' सीट की घोषणा की गई है।