वरिष्ठ पत्रकार बरखा दत्त ने मंगलवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल की पत्नी प्रोमिला सिब्बल के खिलाफ उनके चैनल की महिला सहकर्मियों को अपशब्द कहने के लिए राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) में शिकायत दर्ज कराई है।
दत्त ने सोमवार को एक के बाद एक ट्वीट करके सिब्बल और उनकी पत्नी पर आरोप लगाया कि नोएडा स्थित एचटीएन तिरंगा टीवी में 200 से अधिक कर्मचारियों के उपकरण जब्त कर लिए गए और उन पर छह महीने से वेतन नहीं मिलने के साथ ही बर्खास्त किए जाने का खतरा मंडरा रहा है।
उन्होंने सिब्बल और उनकी पत्नी के खिलाफ महिला कर्मचारियों के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल करने का भी आरोप लगाया। फिलहाल सिब्बल की तरफ से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। बरखा दत्त ने एक अन्य ट्वीट में लिखा कि ‘यह एनसीडब्ल्यू के लिए उपयुक्त मामला है और हम अपने मामले को साबित करने के लिए हस्ताक्षरित शपथपत्र जमा करेंगे।’
एनसीडब्ल्यू की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने बताया कि उन्होंने प्रोमिला सिब्बल के खिलाफ दत्त की शिकायत का संज्ञान लिया है। पत्रकार का आरोप है कि उन्होंने दत्त सहित महिला कर्मचारियों के लिए अपशब्द कहे हैं। शर्मा ने बताया कि ‘मैं शिकायत पर गौर करूंगी और जरूरत पड़ने पर इस मामले में दत्त और (प्रोमिला) सिब्बल दोनों को तलब करूंगी।’