सुभाषनगर के गुरुद्वारा रोड पर अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान बुधवार को जमकर बवाल हुआ। व्यापारी नेता राजा सेठी और उनके बेटे अपने डिपार्टमेंटल स्टोर के सामने सड़क के ऊपर बीचों बीच लगाए गए बोर्ड को तोड़ने से रोकने के लिए नगर निगम के दस्ते से भिड़ गए। कार्रवाई शुरू कराई तो राजा सेठी के बेटे नमनदीप ने इंस्पेक्टर सुभाषनगर कृष्ण मुरारी दोहरे का गिरेबान पकड़कर उन्हें थप्पड़ मार दिया।
इसके बाद पुलिस ने नमनदीप को कब्जे में ले लिया और उसे खींचते हुए थाने ले गई। अतिक्रमण हटाओ अभियान के टीम प्रभारी की ओर से राजा सेठी और उनके बेटों के खिलाफ संगीन धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई गई है। नगर निगम की टीम ने बुधवार को सुभाषनगर पुलिया से अतिक्रमण हटाओ अभियान की शुरुआत की थी। टीम बुलडोजर के साथ अवैध कब्जे हटाते हुए गुरुद्वारे के पास राजा सेठी के डिपार्टमेंटल स्टोर पर पहुंची जहां स्टोर के बाहर सड़क के ऊपर बोर्ड लगा लिया गया था। आरोप है कि टीम ने यह बोर्ड को हटाने की कार्रवाई शुरू की तो हरजीत सिंह उर्फ राजा सेठी, उनका बड़ा बेटा नमन दीप और छोटा बेटा गगन दीप बाहर निकल आए और नगर निगम की टीम से भिड़ गए।
थाना सुभाषनगर के इंस्पेक्टर कृष्ण मुरारी दोहरे पुलिसबल के साथ मौके पर पहुंचे। इंस्पेक्टर और दरोगा राजा सेठी और उनके बेटों को समझाने का प्रयास कर रहे थे कि इसी बीच नमनदीप ने इंस्पेक्टर का गिरेबान पकड़कर खींचना शुरू कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक नमनदीप ने इंस्पेक्टर को थप्पड़ भी मार दिया। यह देखकर अन्य पुलिसकर्मी सकते में आ गए और बल प्रयोग कर उन्हें छुड़ाया। तीनों आरोपियों पर गालीगलौज करने का भी आरोप है। इस दौरान आसपास के दुकानदारों ने अपनी दुकानें भी बंद कर दी। पुलिसकर्मी नमनदीप को घसीटते हुए थाने लेकर पहुंचीं, जबकि राजा सेठी और गगनदीप मौके से भाग निकले।