महाराष्ट्र की राजनीति के केंद्र माने जाने वाले बारामती में विधानसभा उपचुनाव का प्रचार अपने अंतिम चरण में है। इसी बीच शरद पवार ने जनता के नाम एक पत्र लिखा। इसमें उन्होंने बताया कि वो इस उपचुनाव में मतदान नहीं कर पाएंगे। वहीं, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बारामती में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए स्पष्ट किया कि जिस विमान हादसे में अजीत पवार की जान गई, उसकी गहराई से जांच होनी चाहिए।
शरद पवार उपचुनाव में क्यों नहीं कर रहे मतदान?
शरद पवार ने जनता के नाम एक पत्र लिखा। इसमें उन्होंने बताया कि खराब स्वास्थ्य के कारण इस बार बारामती विधानसभा उपचुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग नहीं कर पाएंगे। 1967 से लगातार मतदान करते आ रहे पवार ने अस्पताल से जनता के नाम एक भावुक पत्र लिखकर अपनी असमर्थता जताई है।
मुंबई के अस्पताल में भर्ती पवार ने बताया कि डॉक्टरों ने उन्हें यात्रा न करने की सलाह दी है और चुनाव आयोग के अन्य विकल्प भी उपलब्ध नहीं हो सके। इस पत्र में उन्होंने अपनी पार्टी की ओर से सुनेत्रा भाजपा को समर्थन देने का एलान करते हुए इसे स्वर्गीय अजीत पवार को सच्ची श्रद्धांजलि बताया है।
ये भी पढ़ें- खरगे के बयान पर गरमाई सियासत: चुनाव आयोग पहुंची भाजपा; कांग्रेस अध्यक्ष के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग
अजीत पवार के विमान हादसे पर मुख्यमंत्री ने क्या कहा?
पुणे के बारामती में चुनाव प्रचार के आखिरी दिन मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सीधे तौर पर उस विमान हादसे का मुद्दा उठाया। फडणवीस ने कहा कि अजीत पवार के साथ हुए उस हादसे के पीछे की सच्चाई क्या है, यह जानना हर नागरिक का अधिकार है।
उन्होंने याद दिलाया कि उन्होंने विधानसभा में भी इस बात पर जोर दिया था और आज फिर दोहरा रहे हैं कि जब तक इस घटना की पूरी सच्चाई सामने नहीं आ जाती, तब तक सरकार शांत नहीं बैठेगी। मुख्यमंत्री ने इसे केवल एक हादसा नहीं बल्कि एक ऐसी घटना बताया जिसकी निष्पक्ष जांच होना बहुत जरूरी है ताकि लोगों के मन में उठ रहे सवालों का जवाब मिल सके।
क्या इस हादसे की जांच केंद्रीय एजेंसियां कर रही?
उपचुनाव में एनसीपी की उम्मीदवार और दिवंगत नेता की पत्नी सुनेत्रा पवार ने भी इस मामले में अपनी चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने बताया कि अजीत पवार की मौत की परिस्थितियों को लेकर उनके मन में भी कई गहरे संदेह हैं। इन सवालों के जवाब पाने के लिए उन्होंने खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी।
सुनेत्रा पवार के अनुसार, केंद्र सरकार ने इस मामले की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं। वर्तमान में केंद्रीय एजेंसियां इस विमान हादसे की बारीकी से जांच कर रही हैं। मुख्यमंत्री फडणवीस ने भी आश्वस्त किया है कि यदि जांच में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पाई जाती है, तो दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
अन्य वीडियो-