अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा जब 26 जनवरी 2015 को गणतंत्र दिवस परेड के मुख्य अतिथि थे, तो उनके सामने बीएसएफ के जांबाज बाइकर्स ने हैरतंगेज करतब दिखाए थे। बराक ओबामा और उनकी पत्नी मिशेल ने बाइकर्स के लिए जमकर तालियां बजाई थी।अब उन्हीं बाइकर्स ने बुधवार को राष्ट्रीय एकता दिवस पर सात नए वर्ल्ड रिकार्ड बना दिए हैं। इनमें बाइक के फ़्यूल टैंक पर बैठकर लंबी दूरी तय करना, बाइक के एक तरफ खड़े होना और बाइक पर 11 फुट ऊँची सीढ़ी पर बैठकर बाइक चलाना आदि शामिल है।बीएसएफ जवानों ने ये सभी रिकार्ड दिल्ली के छावला सेंटर पर बनाए हैं।
बीएसएफ के कैप्टन अवधेश कुमार ने बाइक के फ़्यूल टैंक पर बैठकर और बिना हैंडल पकड़े 66.1 किलोमीटर की दूरी एक घंटे 21 मिनट और 25 सेकेंड में तय की है।दूसरा रिकार्ड भी कुमार ने ही बनाया है।इसमें उन्होंने बाइक के पिछले हिस्से पर सीढ़ी लगाकर 68.2 किलोमीटर की दूरी तय की है।यह दूरी अवधेश कुमार ने दो घंटे 11 मिनट 18 सेकेंड के न्यूनतम समय में पूरी की है।पहले यह रिकॉर्ड भारतीय सेना के नाम पर था।सेना के बाइकर्स ने 46.9 किलोमीटर की दूरी एक घंटे 27 मिनट में तय की थी।
सिपाही सुधाकर और शशि कुमार ने संयुक्त रूप से बाइक के साइड में बैठकर 105.2 किलोमीटर की दूरी तीन घंटे 13 मिनट 27 सेकेंड में पूरी कर एक नया रिकॉर्ड बनाया है।हवलदार संजीवन कुमार और सिपाही प्रसनजीत एनआर देव ने बाइक की पिछली लाइट पर बैठकर 143.4 किलोमीटर का सफर किया है।इन दोनों ने यह दूरी तीन घंटे 21 मिनट और 58 सेकेंड में पूरी की है।
सिपाही सुनील यादव और अर्जुन सिंह ने सीट ब्रेकेट राइडिंग करते हुए नया रिकार्ड बनाया।उन्होंने अपने कंधे पर एक अन्य व्यक्ति को बैठाकर 19.850 किलोमीटर की दूरी 41 मिनट व 12 सेकेंड में तय की है।हवलदार रामफल सिंह ने बाइक के लेफ़्ट साइड के फ़ुट रेस्ट पर खड़े होकर 77.6 किलोमीटर की दूरी दो घंटे 11 मिनट 5 सेकेंड में तय की है।सिपाही रविंद्र कुमार ने डबल बैक राइडिंग इवेंट के तहत 64.3 किलोमीटर की दूरी दो घंटे 10 मिनट 57 सेकेंड में पूरी की है।