केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने शनिवार को कहा है कि बैंकिंग क्षेत्र विभिन्न मोर्चों पर कई चुनौतियों का सामना कर रहा है। गडकरी ने बैंकिंग के समक्ष पारदर्शिता सुनिश्चित करना और जमाओं पर रिटर्न को भी चुनौती बताया।
नागपुर में इंडियन बैंक के जोनल कार्यालय के उद्घाटन के बाद राजमार्ग व सड़क परिवहन मंत्री ने कहा कि लोगों को बैंकों का बकाया समय पर चुकाना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एमएसएमई (सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उपक्रमों को) सेक्टर को 59 मिनट में बैंक ऋण स्वीकृति की बात कह चुके हैं।
इसे जीएसटी और आयकर से जोड़ा जाएगा। जिनका ट्रैक रिकॉर्ड अच्छा होगा, उन्हें फौरन ऋण मिल जाएगा। गडकरी ने कहा कि यह बैंकों पर निर्भर करता है कि जन-कल्याणकारी योजनाओं के तहत मंजूर ऋणों का शीघ्र वितरण सुनिश्चित हो।
केंद्रीय मंत्री ने रोजगार के अवसर पैदा करने और एमएसएमई क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए हथकरघा और हस्तशिल्प उद्योग को प्रोत्साहित करने पर भी जोर दिया। गडकरी ने कहा कि विदर्भ की कपास पट्टी में ‘सौर चरखा’ क्लस्टर की शुरुआत होगी, जहां से निर्यात की गुणवत्ता वाले रेडीमेड कपड़े तैयार किए जाएंगे।