प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बैंक-ऋण धोखाधड़ी मामले से जुड़ी मनी-लॉन्ड्रिंग जांच के तहत मंगलवार को बेंगलुरु में कई स्थानों पर छापेमारी की। केंद्रीय जांच एजेंसी ने इस कार्रवाई को लेकर एक बयान जारी किया है। इसमें बताया गया है कि ऑप्टो सर्किट्स इंडिया लिमिटेड के खिलाफ ये कार्रवाई की गई है।
जांच एजेंसी के अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान ऑप्टो सर्किट्स इंडिया लिमिटेड के पांच ठिकानों पर छापा मारा गया। तलाशी के दौरान चल और अचल संपत्तियों के अधिग्रहण, विदेशों में स्थित सहायक कंपनियों को धन के लेन-देन के रिकॉर्ड और विदेशी मुद्रा वित्तीय उपकरणों से संबंधित कई आपत्तिजनक दस्तावेज जब्त किए गए।
बता दें कि मनी-लॉन्ड्रिंग का मामला केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा दर्ज की गई एक एफआईआर से संबंधित है। इसमें आरोप लगाया गया है कि ऑप्टो सर्किट्स इंडिया लिमिटेड और उसके प्रमोटरों और निदेशकों ने आठ बैंकों के कंसोर्टियम से मिली 883.03 करोड़ रुपये की ऋण राशि का दुरुपयोग और हेराफेरी की। ईडी ने आरोप लगाया कि कंपनी ने अपनी बैलेंस शीट साफ और अच्छी दिखाकर और वित्तीय विवरणों में जालसाजी करके ये ऋण लिया था।