अगर, आपके मोबाइल पर बिजली बिल भरने से संबंधित मैसेज आ रहे हैं। इसमें भुगतान नहीं करने पर कनेक्शन काटने की बात कही जा रही है तो सावधान हो जाइए। आपका बैंक एकाउंट खाली हो सकता है। लोगों को ठगने के लिए साइबर अपराधियों ने यह तरीका निकाला है। पुलिस ने लोगों को इनके झांसे में न आने की सलाह दी है। ऐसे ही कुछ मामले कर्नाटक के बेंगलुरू में सामने आए हैं।
बंगलोर इलेक्ट्रिसिटी सप्लाई कंपनी लिमिटेड ने किया सचेत
बेंगलुरू में बिजली की आपूर्ति बंगलोर इलेक्ट्रिसिटी सप्लाई कंपनी लिमिटेड (BESCOM) करती है। कंपनी ने ठगों के इन तरीकों के बारे में ग्राहकों को सचेत किया है। बंगलोर इलेक्ट्रिसिटी सप्लाई कंपनी लिमिटेड (BESCOM) ने इसे लेकर एक ट्वीट में लोगों से ऐसे तरीकों से सावधान रहने की अपील की है। बिजली देने वाली कंपनी ने बताया कि ग्राहकों को भेजे जाने वाले इन मैसेज और फोन कॉल में कहा जा रहा है कि कि आपका बिजली बिल भुगतान फेल हो गया है। अगर, बिल अपडेट नहीं कराएंगे तो कनेक्शन काट दिया जाएगा।
ट्वीट कर की अपील
बिजली कंपनी ने बताया कि जो लोग इन ठगों के झांसे में आकर उनके कहे मुताबिक आगे बिल भरने की कोशिश कर रहे हैं वे अपनी कमाई से हाथ धो दे रहे हैं। इस तरह के कई मामले सामने आए हैं। इन मामलों को देखते हुए बंगलोर इलेक्ट्रिसिटी सप्लाई कंपनी लिमिटेड ने ट्वीट करके ग्राहकों से अपील की है। कंपनी ने अपने आधिकारिक ट्वीटर हैंडल पर पोस्ट किया है कि 'प्रिय ग्राहकों, BESCOM के नाम पर भेजे जा रहे एसएमएस या किए जा रहे कॉल के चक्कर में न फंसे अपनी ऑनलाइन गतिविधियों के दौरान सावधानियां बरतें और ठगों से अपने आप को सुरक्षित रखें।'