शिवसेना के पूर्व प्रमुख बाल ठाकरे के आवास 'मातोश्री' में लगभग तीन दशकों तक सेवा करने वाले चंपा सिंह थापा और मोरेश्वर राजे सोमवार को यहां महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाले गुट में शामिल हो गए। शिवसेना के मुखिया के भरोसेमंद रहे थापा ने नवंबर 2012 में बाल ठाकरे की मृत्यु से पहले 27 साल तक उनकी सेवा की थी। बाल ठाकरे के लिए 'मातोश्री' में फोन कॉल उठाने वाले राजे ने कम से कम 35 साल मुंबई में उपनगरीय बांद्रा में ठाकरे निवास मातोश्री में बिताए थे।
शिंदे ने थापा और राजे को शॉल भेंट कर स्वागत किया
ठाणे से विधायक मुख्यमंत्री शिंदे ने थापा और राजे को शॉल भेंट कर स्वागत किया और उनका अभिवादन किया। उन्होंने कहा कि नवरात्र के इस पावन अवसर पर हर कोई खुश है कि (महामारी संबंधी) त्योहारों पर प्रतिबंध हटा दिया गया है। बहुत उत्साह है और जो समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि थापा और राजे के शामिल होने से उत्सव के इस सुखद माहौल में और बढ़ोतरी हुई है।
शिंदे ने कहा कि दोनों ने उनके गुट में शामिल होने का फैसला किया क्योंकि वह असली शिवसेना का प्रतिनिधित्व करते हैं और शिवसेना संस्थापक और हिंदुत्व की शिक्षाओं को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बाला साहेब सीधी-सादी बातें करते थे साफ बोलते थे। लोग बालासाहेब को अच्छी तरह जानते थे और इसलिए उन्होंने महा विकास अघाड़ी के तहत कांग्रेस और राकांपा के साथ शिवसेना के गठबंधन को स्वीकार नहीं किया। पालघर जिला परिषद के अध्यक्ष वैदेही वडन और स्थानीय निकाय के कुछ सदस्य भी इस अवसर पर शिंदे गुट में शामिल हुए।