बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने एक रेस्तरां की ओर से आने वाले दिनों में आयोजित होने वाले एक पाकिस्तानी फूड फेस्टिवल का विरोध किया है और सोमवार को इसके बैनर को आग के हवाले कर दिया। पढ़िए पूरा मामला...
गुजरात के सूरत में एक रेस्तरां को पाकिस्तानी फूड फेस्टिवल आयोजित करने की योजना पर पानी फिर गया है। यहां हिंदूवादी संगठन बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने इसका विरोध करते हुए इस फेस्टिवल की घोषणा करने वाले बैनर को आग लगा दी। दल के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने कहा कि संबंधित रेस्तरां ने अपनी गलती मान ली है।
विज्ञापन
रिंग रोड इलाके में जिस इमारत में यह रेस्तरां है उसी के ऊपर यह बैनक लगाया गया था, जिसे बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने जय श्री राम के नारे लगाते हुए आग के हवाले कर दिया। जानकारी के अनुसार 'टेस्ट ऑफ इंडिया' नामक इस रेस्तरां में आगामी 12 से 22 दिसंबर तक इस पाकिस्तानी फूड फेस्टिवल का आयोजन किया जाना था।
इस तरह के किसी कार्यक्रम को नहीं देंगे आयोजन की अनुमति: बजरंग दल
दक्षिण गुजरात बजरंग दल के अध्यक्ष देवीप्रसाद दुबे ने कहा कि सदस्य कार्यकर्ताओं ने इमारत से बैनर को उतारा और इसे आग लगा दी। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं ने यह कदम इसलिए उठाया क्योंकि वह इस तरह के कार्यक्रमों के सख्त खिलाफ हैं। इस तरह के किसी भी कार्यक्रम के आयोजन की कतई अनुमति नहीं दी जाएगी।
विज्ञापन
अब रेस्तरां ने किया फूड फेस्टिवल से 'पाकिस्तानी' शब्द हटाने का फैसला
वहीं, टेस्ट ऑफ इंडिया का संचालन करने वाले संदीप दावर ने कहा कि हम मुगलई कुजीन परोसना जारी रखेंगे और फूड फेस्टिवल से पाकिस्तानी शब्द हटाएंगे क्योंकि इससे लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। हमें पता था कि हमारा यह कदम कुछ लोगों को यह पसंद नहीं आएगा लेकिन हमें ऐसी कोई घटना होने की बिल्कुल उम्मीद नहीं थी।