राजस्थान के करीब 960 करोड़ रुपये के जल जीवन मिशन घोटाले में सुप्रीम कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है। अदालत ने बुधवार को रिटायर्ड IAS अधिकारी सुबोध अग्रवाल समेत तीन आरोपियों को जमानत दे दी। दो अन्य आरोपियों में दिनेश गोयल और महेंद्र प्रकाश सोनी शामिल हैं। कोर्ट ने कहा कि घोटाले के आरोप गंभीर जरूर हैं, लेकिन सिर्फ आरोपों की गंभीरता के आधार पर किसी व्यक्ति को लंबे समय तक जेल में नहीं रखा जा सकता। खासकर तब, जब मुकदमे की सुनवाई जल्द पूरी होने की उम्मीद न हो।
गंभीर आरोप होने से जमानत पर रोक नहीं लगाई जा सकती
जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस शील नागू की पीठ ने सुनवाई के दौरान कहा कि सरकारी योजनाओं में इस तरह की गड़बड़ी और अधिकारियों की मिलीभगत का मामला बेहद गंभीर है। इसके बावजूद आरोपों की गंभीरता को जमानत देने से इनकार करने का एकमात्र आधार नहीं बनाया जा सकता। अदालत ने साफ कहा कि किसी विचाराधीन आरोपी को बिना यह देखे जेल में रखना उचित नहीं है कि उसके मुकदमे की सुनवाई कब तक पूरी होगी।
मुकदमे में लग सकता है लंबा समय
सुप्रीम कोर्ट ने जमानत देने की एक बड़ी वजह यह भी बताई कि तीनों आरोपियों के खिलाफ जांच पूरी हो चुकी है। अब मामले की सुनवाई बाकी है। अदालत के मुताबिक, इस मामले में हजारों पन्नों के दस्तावेज हैं और 124 गवाहों के बयान दर्ज किए जाने हैं। अभी तक आरोप भी तय नहीं हुए हैं। ऐसे में मुकदमे के जल्द खत्म होने की संभावना कम है। कोर्ट ने माना कि इस स्थिति में आरोपियों को लंबे समय तक जेल में रखना उचित नहीं होगा।
पहले भी कई आरोपियों को मिल चुकी है राहत
सुप्रीम कोर्ट ने यह भी ध्यान दिलाया कि इस मामले में कई अन्य आरोपियों को पहले ही जमानत मिल चुकी है। इनमें तत्कालीन पीएचईडी मंत्री महेश चंद्र जोशी, राजस्थान जल आपूर्ति एवं सीवरेज प्रबंधन बोर्ड के तत्कालीन सचिव शुभांशु दीक्षित और अतिरिक्त मुख्य अभियंता अरुण श्रीवास्तव शामिल हैं। इनमें से कुछ को सुप्रीम कोर्ट और कुछ को हाई कोर्ट से राहत मिली है। अदालत ने कहा कि इस पहलू को भी तीनों आरोपियों की जमानत पर विचार करते समय ध्यान में रखा गया है।
जमानत के साथ कोर्ट ने रखीं ये शर्तें
सुप्रीम कोर्ट ने तीनों आरोपियों को ट्रायल कोर्ट की संतुष्टि के अनुसार जमानत बॉन्ड भरने का निर्देश दिया है। साथ ही उन्हें मुकदमे की हर सुनवाई में मौजूद रहना होगा। अगर किसी आरोपी को अदालत में पेश होने से छूट नहीं मिली है, तो उसे तय तारीख पर उपस्थित होना पड़ेगा। कोर्ट ने साफ चेतावनी दी कि बिना उचित वजह के सुनवाई में गैरहाजिर रहने या जमानत की शर्तों का उल्लंघन करने पर ट्रायल कोर्ट उनकी जमानत रद्द कर सकता है। हालांकि, अगर किसी दूसरे मामले में उनकी जरूरत है तो इस आदेश से उन्हें राहत नहीं मिलेगी।
क्या है राजस्थान का 960 करोड़ रुपये का घोटाला?
जल जीवन मिशन केंद्र सरकार की योजना है। इसका मकसद देश के हर ग्रामीण घर तक नल के जरिए साफ पीने का पानी पहुंचाना है। राजस्थान में इस योजना को जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) लागू कर रहा था। इसी योजना के तहत टेंडर देने में बड़े स्तर पर गड़बड़ी का आरोप लगा है।
फर्जी प्रमाणपत्रों के जरिए हासिल किए गए टेंडर
राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की जांच के मुताबिक, श्री गणपति ट्यूबवेल कंपनी के मालिक महेश मित्तल और श्री श्याम ट्यूबवेल कंपनी के मालिक पदमचंद जैन ने पीएचईडी के बड़े अधिकारियों के साथ मिलकर कथित तौर पर फर्जी दस्तावेज तैयार किए थे। आरोप है कि इरकॉन इंटरनेशनल लिमिटेड के नाम से फर्जी काम पूरा होने के प्रमाणपत्र बनाए गए और उनका इस्तेमाल राजस्थान में अलग-अलग सरकारी टेंडर हासिल करने के लिए किया गया।
960 करोड़ के टेंडर में करोड़ों की गड़बड़ी का आरोप
ACB के मुताबिक, फर्जी प्रमाणपत्रों के आधार पर करीब 960 करोड़ रुपये के टेंडर हासिल किए गए और इस पूरी प्रक्रिया में करोड़ों रुपये का भ्रष्टाचार हुआ। जांच एजेंसी ने यह भी आरोप लगाया कि तत्कालीन अतिरिक्त मुख्य सचिव सुबोध अग्रवाल और विभाग के दूसरे वरिष्ठ अधिकारियों ने कथित तौर पर पद का दुरुपयोग किया। आरोप है कि ठेकेदारों को 30 से 40 फीसदी तक ज्यादा दरों पर टेंडर दिए गए और इन दरों को विभाग के अधिकारियों ने मंजूरी भी दी।
ये भी पढ़ें:
तमिलनाडु: सुप्रीम कोर्ट की इजाजत के बाद भी नहीं जला दीपाथून पर दीपक, अब अधिकारियों पर लटकी अवमानना की तलवार
जमानत मिली, लेकिन मुकदमा अभी जारी रहेगा
सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले से सुबोध अग्रवाल, दिनेश गोयल और महेंद्र प्रकाश सोनी को जेल से बाहर आने का रास्ता मिल गया है। हालांकि, जमानत मिलने का मतलब यह नहीं है कि उन्हें आरोपों से बरी कर दिया गया है। तीनों को मुकदमे में शामिल होना होगा और अदालत की शर्तों का पालन करना होगा। अब इस मामले में आगे की सुनवाई और आरोप तय होने की प्रक्रिया पर नजर रहेगी।