आईएसआईएस की ओर से जारी 22 मिनट के वीडियो में दिखा शख्स आजमगढ़ का फरार आतंकी बड़ा साजिद और अबू राशिद ही है। सुरक्षा एजेंसियों ने साजिद और राशिद के करीबियों से पूछताछ के बाद वीडियो में बड़ा साजिद के होने की तस्दीक की है।
आतंकी के करीबियों ने वीडियो में साजिद और राशिद के होने की पुष्टि की है। हालांकि वीडियो कितना पुराना है, इसका पता नहीं चल सका है। इसके बाद से केंद्र और यूपी की सुरक्षा और खुफिया एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। वीडियो में दी गई धमकी को गंभीरता से लेते हुए पूरे देश में चौकसी बरती जा रही है।
आईएस ने बीते शुक्रवार को दो वीडियो जारी किए थे। एक वीडियो करीब ढाई मिनट का तो दूसरा 22 मिनट का था। वीडियो में अयोध्या, कश्मीर, गुजरात और मुजफ्फरनगर की घटनाओं का बदला लेने की धमकी दी गई थी। एजेंसियों ने दोनों वीडियो की पड़ताल की।