एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या के बाद महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने राज्य सरकार पर हमला बोला। उन्होंने बाबा सिद्दीकी की हत्या को एक दुर्भाग्य घटना बताते हुए कहा कि यह महाराष्ट्र सरकार द्वारा अपराधियों को दिए जाने वाले समर्थन का नतीजा है। उन्होंने कहा कि इससे साफ है कि बाबा सिद्दीकी जैसा व्यक्ति भी महाराष्ट्र में सुरक्षित नहीं है।
शिवसेना नेता कृष्णा हेगड़े ने बाबा सिद्दीकी हत्याकांड की निंदा की। उन्होंने कहा कि मैं बाबा सिद्दीकी को पिछले 35 साल से जानता हूं। उनके साथ जो हुआ, वह निंदनीय है। उन्होंने कहा कि इसका मतलब यह नहीं है कि मुंबई में कानून-व्यवस्था का कोई मुद्दा है। बाबा सिद्दीकी हत्याकांड की जांच होनी चाहिए।
एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की मुंबई के बीचों-बीच गोली मारकर हत्या किए जाने पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने आश्चर्य जताया है। उन्होंने कहा कि यह अविश्वनीय है कि वह अब नहीं रहे। उन्होंने कहा कि मुझे उम्मीद है कि भगवान उनके परिवार को ताकत देंगे।
एनसीपी नेता और अणुशक्ति नगर के विधायक नवाब मलिक ने कहा कि बाबा सिद्दीकी मेरे पुराने मित्र थे। उन्होंने युवा कांग्रेस के दौरान मेरे साथ काम किया था। उन्होंने कहा कि बाबा सिद्दीकी की मौत से पूरे समुदाय को नुकसान हुआ है। हमें उम्मीद है कि जिसने भी ऐसा किया है, उसे सजा मिलनी चाहिए।
बाबा सिद्दीकी हत्याकांड को समाजवादी पार्टी के नेता अबू आजमी ने कानून-व्यवस्था की विफलता बताया। उन्होंने कहा कि जांच के बाद साफ हो जाएगा कि सुपारी किलर कौन थे और उन्हें किसने भेजा था। आजमी ने कहा कि मुझे नहीं लगता कि यह राजनीतिक है।
बाबा सिद्दीकी हत्याकांड को एआईएमआईएम नेता वारिस पठान ने महाराष्ट्र सरकार की विफलता बताया। उन्होंने कहा कि यह मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है, क्योंकि वह मेरे बहुत करीबी दोस्त थे। उन्होंने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि जब महाराष्ट्र सरकार अपने ही व्यक्ति को सुरक्षा प्रदान नहीं कर सकती है तो विपक्ष के लिए क्या करेगी।
एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या पर बीजेपी नेता शाहनवाज हुसैन ने दुख जताया है। उन्होंने कहा कि बाबा सिद्दीकी बिहार के रहने वाले थे, उन्होंने मुंबई में बड़ा नाम कमाया। उनका बांद्रा इलाके में बड़ा नाम था। वह वरिष्ठ नेता थे और एनडीए में थे। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में महायुति सरकार में अपराधी बच नहीं सकता है। बाबा सिद्दीकी की हत्या करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं और एक फरार है।
एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या के बाद कांग्रेस नेता और महाराष्ट्र विधानसभा में विपक्ष के नेता विजय वडेट्टीवार ने महाराष्ट्र में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि राज्य में कोई कानून-व्यवस्था नहीं है। बाबा सिद्दीकी की हत्या दुखद घटना है। वह लंबे समय तक कांग्रेस का हिस्सा थे और महाराष्ट्र में एक लोकप्रिय नेता थे। उन्होंने कहा कि बाबा सिद्दीकी हत्याकांड की जांच होनी चाहिए, ताकि पता चल सके कि इसके पीछे कौन है।
शिव सेना (यूबीटी) के प्रवक्ता आनंद दुबे ने कहा कि मुंबई पूरी दुनिया में अपनी कानून व्यवस्था के लिए जानी जाती है, लेकिन कोई नहीं जानता कि मुंबई की कानून-व्यवस्था को क्या हुआ है। एक पूर्व मंत्री और तीन बार के विधायक को गोली मार दी गई। अगर ऐसे लोग सुरक्षित नहीं हैं तो सोचिए आम लोगों का क्या होगा। दुबे ने कहा कि गृह मंत्री और मुख्यमंत्री को इस्तीफा दे देना चाहिए।
पूर्व सांसद और एनसीपी नेता आनंद परांजपे ने कहा कि दुख की इस घड़ी में एनसीपी बाबा सिद्दीकी के परिवार के साथ है। डिप्टी सीएम अजित पवार ने उनके परिवार से संपर्क किया है। बाबा सिद्दीकी के हत्यारों को बख्शा नहीं जाएगा। दो आरोपी पकड़े जा चुके हैं। एक फरार है, जिसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
बाबा सिद्दीकी की हत्या के बाद एनसीपी अजित पवार गुट के नेता प्रमोद हिंदूराव ने कहा कि इस समय महाराष्ट्र में जो कुछ भी चल रहा है, वह सही नहीं है। जिस-जिसको सुरक्षा की जरूरत है, उसके लिए हम मुख्यमंत्री से बात करेंगे। उन्होंने कहा कि बाबा सिद्दीकी के जाने से पार्टी को काफी नुकसान हुआ है। हम सभी को मिलकर अपराध करने वाले लोगों के खिलाफ लड़ना होगा।
शिवसेना (यूबीटी) नेता आदित्य ठाकरे ने पूर्व राज्य मंत्री और एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या को चौंकाने वाला बताया। साथ ही महाराष्ट्र की कानून-व्यवस्था की स्थिति पर चिंता व्यक्त की। आदित्य ने कहा कि बाबा सिद्दीकी की हत्या चौंकाने वाली है। यह दुखद रूप से महाराष्ट्र में कानून और व्यवस्था की स्थिति को दर्शाता है। प्रशासन, कानून और व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो गई है।