उत्तर प्रदेश के कैराना से समाजवादी पार्टी के विधायक नाहिद हसन के एक विवादित बयान पर सपा सांसद आजम खान ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। दरअसल उत्तर प्रदेश के कैराना से समाजवादी पार्टी के विधायक नाहिद हसन का एक विडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ है। इस विडियो में कथित तौर पर वह अपने विधानसभा क्षेत्र में मुसलमानों से कह रहे हैं कि भाजपा के समर्थक दुकानदारों से सामान न खरीदें। वह यह भी कह रहे हैं कि उन लोगों के सामान खरीदने से ही भाजपा वालों की दुकान में सामान बिकता है और उनका घर चलता है।
नाहिद के इस बयान पर जब आजम खान से सवाल किया गया तो उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि, 'यह दुख की बात है कि ऐसी स्थिति पैदा हुई। लेकिन इसके लिए कौन जिम्मेदार है? इसकी शुरुआत किसने की थी?' आजम खान ने कहा, 'बापू, मौलाना आजाद, सरदार पटेल, नेहरू जी ने हमे वापस रहने के लिए कहा। जिससे भागते हुए मुसलमान रुक गए थे। उन्होंने कहा कि बापू ने हमें भरोसा दिलाया था कि यह राष्ट्र उतना ही हमारा है जितना किसी और का। लेकिन क्या इलाज किया जा रहा है?'
दरअसल बताया जा रहा है कि नाहिद हसन अपने विधानसभा के एक इलाके में पहुंचे थे। यहां पर कथित तौर पर उन्होंने मुस्लिम समाज के लोगों के साथ बातचीत की और उन्हें कहा कि वो भाजपा वालों से कोई सामान न खरीदें। किसी ने उनके बयान का यह विडियो बना लिया जो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है।