अयोध्या विवाद पर सुप्रीम कोर्ट शनिवार को ऐतिहासिक फैसला देने जा रहा है। पांच जजों की पीठ शनिवार सुबह 10.30 बजे अपना निर्णय सुनाएगी। पहले अटकलें थीं कि यह फैसला 12 नवंबर के बाद आ सकता है।
मुख्य न्यायाधीश रंजन गोगोई 17 नवंबर को रिटायर होने वाले हैं। इससे पहले वह अपना फैसला सुनाएंगे। शनिवार को छुट्टी के दिन के बावजूद सुप्रीम कोर्ट की संवैधानिक पीठ बैठेगी और फैसला सुनाएगी। इसके मद्देनजर पूरे देश में सुरक्षा के चाक चौबंद प्रबंध किए गए हैं। धर्मगुरुओं ने भी शांति बनाए रखने की अपील की है। टीवी चैनलों के मुताबिक फैसले से ठीक पहले सभी पांच जजों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
जानिए अबतक का अपडेट --
प्रधानमंत्री मोदी ने शांति बनाए रखने की अपील की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शांति की अपील करते हुए कहा है कि अयोध्या पर सुप्रीम कोर्ट का जो भी फैसला आएगा, वो किसी की हार-जीत नहीं होगा। उन्होंने लगातार तीन ट्वीट कर अपनी बात रखी।केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं।
अयोध्या पर सुप्रीम कोर्ट का जो भी फैसला आएगा, वो किसी की हार-जीत नहीं होगा। देशवासियों से मेरी अपील है कि हम सब की यह प्राथमिकता रहे कि ये फैसला भारत की शांति, एकता और सद्भावना की महान परंपरा को और बल दे।
— Narendra Modi (@narendramodi) November 8, 2019
देश की न्यायपालिका के मान-सम्मान को सर्वोपरि रखते हुए समाज के सभी पक्षों ने, सामाजिक-सांस्कृतिक संगठनों ने, सभी पक्षकारों ने बीते दिनों सौहार्दपूर्ण और सकारात्मक वातावरण बनाने के लिए जो प्रयास किए, वे स्वागत योग्य हैं। कोर्ट के निर्णय के बाद भी हम सबको मिलकर सौहार्द बनाए रखना है।
— Narendra Modi (@narendramodi) November 8, 2019
अयोध्या पर कल सुप्रीम कोर्ट का निर्णय आ रहा है। पिछले कुछ महीनों से सुप्रीम कोर्ट में निरंतर इस विषय पर सुनवाई हो रही थी, पूरा देश उत्सुकता से देख रहा था। इस दौरान समाज के सभी वर्गों की तरफ से सद्भावना का वातावरण बनाए रखने के लिए किए गए प्रयास बहुत सराहनीय हैं।
— Narendra Modi (@narendramodi) November 8, 2019
अफवाहों पर ध्यान न दें : योगी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी ट्वीट कर अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की बात कही है। उन्होंने कहा, 'मेरी प्रदेशवासियों से अपील है कि अफवाहों पर ध्यान न दें। प्रशासन सभी की सुरक्षा व प्रदेश में कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पूरी तरह कटिबद्ध है। कोई भी व्यक्ति यदि कानून व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करने की कोशिश करेगा, तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।' दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में भी हाई अलर्ट घोषित कर दिया है।
यूपी में स्कूल-कॉलेज बंद
सुरक्षा के मद्देनजर योगी सरकार ने उत्तर प्रदेश में सभी स्कूलों, कॉलेजों, शैक्षणिक संस्थानों और प्रशिक्षण केंद्रों को कल से सोमवार तक बंद करने का आदेश दिया है।
अन्य राज्यों में भी हाई अलर्ट :
केरल के मुख्यमंत्री पी. विजयन ने कहा कि हम सभी को यह सुनिश्चित करना होगा कि फैसला चाहे जो भी हो, लेकिन हमारी प्रतिक्रिया शांतिपूर्ण रहनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य पुलिस को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दे दिए गए हैं। उधर, मुंबई पुलिस ने भी बयान जारी कर कहा कि हम स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। शनिवार के लिए हमारी तैयारियां शुरू हो चुकी हैं।
Chief Minister of Kerala, Pinarayi Vijayan on #Ayodhya verdict: All of us should ensure that our reactions will be peaceful no matter what the verdict be. It should not create any room for hate mongering. State police has been directed to be on high alert. pic.twitter.com/CLl42AZIXR
— ANI (@ANI) November 8, 2019
मध्य प्रदेश में स्कूल कॉलेज बंद
अयोध्या मामले पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के मद्देनजर मध्य प्रदेश के सारे स्कूल-कॉलेज और शराब की दुकानें शनिवार को बंद रहेंगी। सभी जिलों में धारा 144 लागू रहेगी।
जम्मू-कश्मीर में धारा 144 लागू
जम्मू-कश्मीर में भी धारा 144 लागू, सभी स्कूल-कॉलेज अगले आदेश तक बंद रहेंगे। सुरक्षा एजेंसियों को भी अलर्ट पर रहने के लिए कहा है।
बंगलूरू में पुलिस सतर्क
वहीं, बंगलूरू में भी कल के फैसले को लेकर पुलिस सतर्क हो गई है। बंगलूरू के पुलिस कमिश्नर भास्कर राव ने कहा, 'हमने जरूरी तैनाती की हैं। यहां सुबह सात बजे से रात 12 बजे तक धारा 144 लागू रहेगी। सोशल मीडिया की सख्ती से निगरानी की जाएगी। शराब की दुकानें कल बंद रहेंगी।'
कर्नाटक पुलिस ने किए 'मैक्सिमम बंदोबस्त'
कर्नाटक के एडीजीपी अमर कुमार पाण्डेय ने कहा, यह बहुत अनोखी स्थिति बन गई है, ईद मिलाद है, टीपू जयंती मनाने का मुद्दा है और कल आने वाला बहुत खास फैसला है। इन सबको देखते हुए कर्नाटक पुलिस पूरी तरह से अलर्ट है और सभी बंदोबस्त कर लिए गए हैं।
चीफ जस्टिस को दी गई जेड प्लस सुरक्षा
अयोध्या मामले में आज आ रहे फैसले को लेकर मुख्य न्यायाधीश रंजन गोगोई को जेड प्लस सुरक्षा प्रदान की गई है। बता दें कि फैसले को लेकर कई राज्यों में अलर्ट जारी किया गया है और किसी भी स्थिति से निपटने के सभी इंतजाम किए जा रहे हैं।