उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में भड़काऊ, भ्रामक और आपत्तिजनक पोस्ट डालने वालों पर पुलिस अधीक्षक ने कानून का डंडा चलाया है। पलिया पुलिस ने आपत्तिजनक पोस्ट डालने वाले व्हाट्सएप ग्रुप के एडमिन को गिरफ्तार कर रविवार को जेल भेज दिया। इधर, नीमगांव पुलिस ने ग्रुप एडमिन और आपत्तिजनक पोस्ट डालने वाले अखिलेश गुप्ता की तलाश शुरू कर दी है। अयोध्या पर फैसला आने के बाद एसपी ने सोशल मीडिया के लिए एडवाइजरी जारी की थी। आपत्तिजनक व भड़काऊ पोस्ट डालने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी थी।
इसके बाद भी शनिवार को जय बाबा नाम के एक व्हाट्सएप ग्रुप पर भड़काऊ पोस्ट डाल दी गई। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर शनिवार की रात ग्रुप एडमिन विवेक गुप्ता निवासी मोहल्ला अहिरान प्रथम को हिरासत में ले लिया। ग्रुप एडमिन को रविवार को जेल भेज दिया गया। पोस्ट डालने वाले व्यक्ति की तलाश की जा रही है।
सिकंद्राबाद के थाना नीमगांव की पुलिस चौकी बेहजम में लखनऊ से प्रकाशित एक अखबार के नाम से चल रहे ग्रुप में शनिवार को अखिलेश गुप्ता नाम के व्यक्ति ने आपत्तिजनक पोस्ट डाली। एसपी पूनम के आदेश पर पुलिस ने ग्रुप एडमिन और पोस्ट डालने वाले के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। ग्रुप में पोस्ट डालने वाले व्यक्ति की पहचान कोतवाली व कस्बा तिकुनियां निवासी अखिलेश गुप्ता के रूप में हुई है। ग्रुप एडमिन की जानकारी की जा रही है।