फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रामजन्मभूमि मंदिर की तरह दिखेगा अयोध्या स्टेशन, सौ करोड़ की लागत से होगा तैयार

Sun, 02 Aug 2020 10:59 PM IST
Rajeev Rai अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली।
विज्ञापन
अयोध्या रेलवे स्टेशन - फोटो : social media
विज्ञापन

अयोध्या में राम मंदिर ही नहीं इस पावन नगरी का स्टेशन पर पहुंचते ही मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान की पूरी नगरी का आभास होगा। रेलवे ने इस स्टेशन को भव्य रूप देने के लिए सौ करोड़ रुपये से भी अधिक खर्च करने का एलान किया है। अगले साल तक यह स्टेशन राम जन्मभूमि मंदिर की तरह दिखने लगेगा।

विज्ञापन


स्टेशन परिसर में रोशनी के लिए पारदर्शी स्काईलाइट्स छत पर लगाए जाएंगे। ऐसा प्रतीत होगा जैसे कमल की पंखुड़ी के बीच से प्रकाश छनकर स्टेशन को रोशनी प्रदान कर रहा है। अध्यात्मिकता व आधुनिकता का मिश्रण होगा अयोध्या स्टेशन।


विज्ञापन

स्टेशन निर्माण के लिए रेल इंडिया टेक्रिकल एंड इकनॉमिकल सर्वे (राइट्स) को इसकी जिम्मेदारी दी गई है। स्टेशन निर्माण के पीछे अयोध्या की स्वर्णिम सांस्कृतिक धरोहर और भारत के उज्जवल भविष्य को ध्यान में रखा गया है। पौराणिक स्थापत्व कला व आधुनिक सुविधाओं का सामंजस्य होगा। राम मंदिर के विशाल प्रतिरूप को यह स्टेशन दूर से ही झलक प्रदान करेगा। ट्रेन से उतरते ही आराध्य से निकटता का आभास होगा।
 


पर्यटकों को ध्यान में रख तैयार किया जा रहा है
राम मंदिर की वजह से अयोध्या स्टेशन को पर्यटकों को ध्यान में रखकर पुनर्निर्माण किया जा रहा है। प्रतीक्षालय सुविधा विस्तार के तहत 3 वातानुकूलित विश्रामालय, प्रसाधनयुक्त 17 बेड वाली पुरुष डोरमेट्री, 10 बेड वाली महिला डोरमेट्री। शिशू विहार बूथ, सभागार, विशिष्ट अतिथि गृह, लाउंज, फूड प्लाजा, दुकान समेत अन्य सुविधा होगी।

पर्यटकों के लिए खास
स्टेशन परिसर को पर्यटकों के लिए खास तैयार किया जाएगा। यहां पर्यटक केंद्र, पर्यटकों के लिए टैक्सी बूथ और ठहरने की व्यवस्था होगी। इस भवन का निर्माण दो चरणों में होगा। प्रथम चरण में प्लेटफार्म संख्या 1, 2/3 में विकास कार्य किया जाएगा।

विज्ञापन


सर्कुलेटिंग एरिया को बढ़ाकर सौंदर्यीकरण किया जाएगा। एयरपोर्ट की तरह ही होल्डिंग एरिया बनेगा, ताकि स्टेशन पर भीड़ इकट्ठा नहीं हो। विकास के दूसरे फेज में स्टेशन भवन का निर्माण व अन्य सुविधाओं का निर्माण होगा। इसके तहत यात्री सुविधा, स्टेशन के आंतरिक एवं बाह्य परिसर का नवीनीकरण। टिकट काउंटर की संख्या बढ़ाई जाएगी।

अयोध्या स्टेशन संपूर्ण विश्व को आकृष्ट करेगा
भगवान राम की पावन चरणधूलि से सुशोभित अयोध्या की पवित्र नगरी का अलौकिक महत्व है। भविष्य में इस नगरी की महत्ता को देखते हुए अयोध्या स्टेशन का विकास नए मॉडल में किया जा रहा है। स्टेशन संपूर्ण विश्व को आकृष्ट करेगा। स्टेशन पर आवागमन करने वाले श्रृद्धालुओं एवं पर्यटकों को उच्च मानकों से सुसज्जित आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इस नगरी की महत्ता ईश्वर के अनुरागियों एवं श्रृद्धालुओं को बरबस अपनी ओर आकृष्ट करती है। अपनी इसी महत्ता के कारण अयोध्या नगरी का रेलवे स्टेशन भी भारतीय रेलवे के लिए अपना एक विशेष स्थान रखता है। इसीलिए इसे भविष्य में अयोध्या की महत्ता को ध्यान में रखते हुए तैयार किया जा रहा है। वित्त वर्ष 2017-18 में 80 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई थी। इसे बढ़ाकर 104.77 करोड़ कर दिया गया है। -राजीव चौधरी, महाप्रबंधक, उत्तर व उत्तर मध्य रेलवे

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें