बंगलूरू में एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर की आत्महत्या ने पूरे देश को झकझोर दिया है। 34 साल के अतुल सुभाष ने अपनी पत्नी निकिता सिंघानिया और उसके परिवार पर पैसों के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाकर आत्महत्या कर ली। अब खुदकुशी करने वाले शख्स के माता-पिता ने बड़े चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उनका कहना है कि उनका बेटा बहुत तनाव में था। उसे अदालत की तारीखों के लिए बंगलूरू और उत्तर प्रदेश के जौनपुर के बीच कम से कम 40 बार यात्रा करनी पड़ी।
'बेटे ने सब कुछ अपने ऊपर ले लिया'
मां ने अपने बेटे की मौत पर कहा, 'बहू और उसके परिवार वालों ने मेरे बेटे को प्रताड़ित किया, उन्होंने हमें भी प्रताड़ित किया, लेकिन मेरे बेटे ने सब कुछ अपने ऊपर ले लिया। उसने सब कुछ सहा, उसने हमें कष्ट नहीं होने दिया। वह अंदर ही अंदर जलता रहा।'
हमें तकलीफ नहीं होने दी: पिता
वहीं, पिता ने कहा कि अतुल ने उन्हें बताया था कि फैमिली कोर्ट कानून का पालन नहीं कर रही है। उन्होंने आगे कहा, 'बेटे ने बंगलूरू और जौनपुर के बीच कम से कम 40 बार यात्रा की होगी। इतने सारे आरोप, एक मामला खत्म होता था और उसकी पत्नी दूसरे आरोप लगाकर केस कर देती थी। वह निराश था, लेकिन उसने हमें तकलीफ नहीं होने दी।'
अतुल के भाई ने कहा- आठ महीने बाद तलाक की अर्जी दी
अतुल के भाई बिकास कुमार ने बताया, 'मेरे भाई की पत्नी से अलग होने के लगभग आठ महीने बाद, उसने तलाक का मामला दायर किया। साथ ही मेरे भाई और हमारे पूरे परिवार के खिलाफ विभिन्न अधिनियमों और धाराओं के तहत कई आरोप लगाए। भारत में हर कानून महिलाओं के लिए है, पुरुषों के लिए नहीं कुछ नहीं। मेरे भाई ने इसके लिए लड़ाई लड़ी, आखिरकार वह हमें छोड़ कर चला गया।'
काश मेरे भाई ने कुछ कहा होता हमसे: बिकास
उन्होंने आगे कहा, 'मेरे भाई ने उसके लिए (निकिता) सब कुछ किया। जो कुछ भी हुआ वह दुर्भाग्यपूर्ण था। अगर उन्होंने कभी मुझसे या हमारे पिता से इस बारे में चर्चा की होती तो हम उन्हें इन हालातों से बाहर निकालने में मदद करते। मैं भारत सरकार और राष्ट्रपति से गुजारिश करना चाहता हूं कि अगर मेरा भाई सही है तो उसके साथ न्याय जरूर होना चाहिए। अन्यथा, मुझे सबूत दिखाओ कि वह गलत है। मेरे भाई के सुसाइड नोट में जिस न्यायाधीश का नाम है, उसके खिलाफ उचित जांच होनी चाहिए।'
अतुल के दोस्त ने कही ये बात
अतुल संतोष के दोस्त जैक्सन ने बताया कि वह बहुत तनाव में था। मगर उसने जो वीडियो बनाया है, उससे ऐसा नहीं लग रहा कि वह डिप्रेश था। ऐसा लगता है कि उन्होंने उत्पीड़न की भावना से ऐसा किया जो वह सिस्टम से सामना कर रहे थे। उन्होंने सिस्टम को यह बताने के लिए खुद की जान दी कि वह पुरुषों की मदद नहीं कर रहा है और बहुत पक्षपात होता है।
कोविड महामारी बनी कलेश का कारण
दोस्त ने आगे कहा कि कोविड महामारी के दौरान दंपती के रिश्ते में खटास आ गई थी। महामारी के दौरान, वह अपनी पत्नी और बेटे की देखभाल कर रहा था। उसकी पत्नी भी कोविड से संक्रमित थीं और उसे बहुत सारी समस्याएं थीं। इसलिए वह उसके लिए दवाएं लाता था, मगर वह समय पर नहीं ले रही थी। इससे कुछ तनाव पैदा हुआ जो बाद में बड़ा मुद्दा बन गया। बाद में निकिता ने अपने बच्चे के साथ उसे छोड़ दिया। उसके बाद से अतुल अपने बेटे से मुलाकात नहीं कर पा रहा था। पुलिस ने कहा है कि निकिता और उनके परिवार के सदस्यों से पूछताछ करने के लिए एक पुलिस टीम जौनपुर जाएगी।'
क्या है मामला?
पुलिस के मुताबिक, सुभाष का शव बंगलूरू के मंजूनाथ लेआउट क्षेत्र में स्थित उनके आवास पर फंदे से लटका मिला। उनके कमरे में एक तख्ती भी लटकी मिली जिसमें लिखा था- न्याय मिलना बाकी है। अतुल सुभाष ने आत्महत्या करने से पहले डेढ़ घंटे का एक वीडियो बनाया, जिसमें उन्होंने उन सभी परिस्थितियों का जिक्र किया, जिसके कारण उन्हें यह कदम उठाने के लिए मजबूर होना पड़ा। उन्होंने अपनी अलग रह रही पत्नी निकिता सिंघानिया, सास निशा सिंघानिया, बहनोई अनुराग सिंघानिया और पत्नी के मामा सुशील सिंघानिया पर उन्हें आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है।
अतुल के भाई बिकास कुमार की शिकायत के आधार पर चारों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि बंगलूरू की एक निजी कंपनी में काम करने वाले अतुल सुभाष ने 24 पन्नों का सुसाइड नोट छोड़ा है, जिसमें उसने शादी के बाद जारी तनाव, उसके खिलाफ दर्ज कई मामलों, उसकी पत्नी, रिश्तेदार और उत्तर प्रदेश के एक न्यायाधीश की ओर से प्रताड़ित किए जाने का जिक्र किया है।
सुसाइड नोट में क्या?
81 मिनट की वीडियो में सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने कहा कि निकिता से 2019 में उसने शादी की थी और अगले साल उनका एक बेटा हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी के परिजन उन्हें बार-बार रुपयों के लिए परेशान करते थे और लाखों रुपये मांगते थे और जब उन्होंने रुपये देने से इनकार कर दिया तो उनकी पत्नी कथित तौर पर 2021 में बेटे के साथ घर छोड़कर चली गई।
अतुल ने सुसाइड नोट में लिखा, अगले साल निकिता ने उनके और उनके परिवार के खिलाफ हत्या और अप्राकृतिक यौन संबंध सहित कई धाराओं के तहत मामला दर्ज करवाया। उसने आरोप लगाया कि उन्होंने 10 लाख रुपये दहेज की मांग की। इसके बाद उनके पिता पर दबाव डाला गया और दिल का दौरा पड़ने से उनकी मौत हो गई।
अब तक जांच में क्या पता चला?
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच से पता चला है कि सुभाष का अपनी पत्नी के साथ वैवाहिक कलह था और उनकी पत्नी ने सुभाष के खिलाफ उत्तर प्रदेश में मामला दर्ज कराया था। सुभाष ने अपना सुसाइड नोट कई लोगों को ईमेल के जरिए भेजा तथा उन्हें एक व्हॉट्सऐप समूह पर भी साझा किया था, जिससे वह जुड़ा हुआ था।