ओडिशा के गंजम जिले के बेरहमपुर सरकारी अस्पताल के डाटा सिस्टम पर कथित रूप से ‘वानाक्राई रैन्समवेयर’ वायरस का हमला हुआ है। राज्य पुलिस की क्राइम ब्रांच ने इस हमले की जांच का फैसला किया।
क्राइम ब्रांच के विशेष महानिदेशक बी के शर्मा ने बताया कि बेरहमपुर अस्पताल में हुए वायरस हमले की जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम का गठन किया गया, जिसने मामले की जांच की है और साइबर क्राइम सेल इस मामले की जांच करेगी। गौरतलब है कि एडिशनल डिस्ट्रिक्ट मेडिकल ऑफिसर सरोज मिश्रा ने इस हमले की प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
एडीएमओ द्वारा दर्ज प्राथमिकी के अनुसार इस वायरस हमले ने ई-औषधि पोर्टल और हॉस्पिटल इंफॉर्मेशन मैनेजमेंट सिस्टम डाटा को इन्क्रिप्ट किया है। गौरतलब है कि यूरोपीय यूनियन की कानून प्रवर्तन एजेंसी यूरोपोल के अनुसार हाल के दिनों में कम से कम 150 देशों के दो लाख से ज्यादा कंप्यूटर इस वायरस की वजह से प्रभावित हुए है।