एनआईए के डीएसपी तंजील अहमद हत्याकांड में इनामी मुनीर अहमद के घर पुलिस ने शनिवार को संपत्ति कुर्क कर ली। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने घर के दरवाजे और खिड़की तक उखाड़ डाले। कुर्की का सारा सामान थाने में जमा करा दिया गया है। पुलिस प्रशासन ने एहतियात के तौर कुर्की के दौरान सहसपुर में भारी पुलिस बल तैनात किया था।
शनिवार को एसपी देहात डॉ. धर्मवीर सिंह की अगुवाई में सुबह करीब दस बजे दो सीओ व सात थानों की पुलिस ने सहसपुर पहुंचकर मुनीर के घर को घेर कुर्की की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मुनीर के घर के सारे सामान को जब्त कर लिया। कुर्की कार्रवाई करीब छह घंटे तक चली। कुर्की के बाद मुनीर के घर का सारा सामान स्योहारा थाने में रखा गया है।
एसपी सुभाष सिंह बघेल के मुताबिक मुनीर की तलाश में पुलिस की कई टीम लगी हैं। तंजील व उनकी पत्नी फुरजाना की हत्या में वांछित मुनीर पर 50 हजार का इनाम है। एसपी ने मुनीर पर दो लाख का इनाम करने की संस्तुति भी कर रखी है। इस मामले में सीजेएम कोर्ट ने 25 अप्रैल को मुनीर की संपत्ति कुर्क करने का आदेश जारी कर दिया था।
पुलिस मुनीर के बाद जिला अंबेडकर नगर के टांडा निवासी मुनीर के साथी सऊद के घर की कुर्की भी करेगी। पुलिस ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है, हालांकि तंजील हत्याकांड में सऊद मुनीर के साथ नहीं था। लेकिन धामपुर के पीएनबी के कैश वैन से हुई 91 लाख की लूट में मुनीर और सऊद शामिल थे।