पश्चिम बंगाल सरकार के खेल मंत्री निसिथ प्रमाणिक ने राज्य की खेल व्यवस्था को लेकर तृणमूल कांग्रेस टीएमसी पर तीखा हमला बोला। आईएएनएस से बातचीत में उन्होंने दावा किया कि पिछले 15 वर्षों का दौर बंगाल के लिए अंधकार युग रहा, जबकि अब राज्य में बदलाव और विकास की नई शुरुआत हुई है।
टीएमसी पर लगाए गंभीर आरोप
निसिथ प्रमाणिक ने कहा कि टीएमसी शासन के दौरान केवल राजनीति और विकास ही नहीं, बल्कि खेल क्षेत्र भी प्रभावित हुआ। उनका आरोप था कि बीते वर्षों में बच्चों और युवा खिलाड़ियों के साथ भेदभाव किया गया। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार का लक्ष्य बंगाल के बच्चों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और खेल क्षेत्र को नई दिशा देना है। इसी उद्देश्य से नेशनल स्पोर्ट्स कोड को अपनाया गया है।
खेल प्रशासन पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पूर्व खेल मंत्री के भाई द्वारा किए गए कथित कार्यों की जांच होगी और यदि किसी ने खिलाड़ियों के भविष्य से खिलवाड़ किया है तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बंगाल ओलंपिक से जुड़े कथित घोटाले की भी जांच कराने की बात कही और कहा कि इसके पीछे शामिल लोगों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
फिरहाद हकीम के इस्तीफे पर दी प्रतिक्रिया
कोलकाता के मेयर पद से फिरहाद हकीम के इस्तीफे की चर्चा पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रमाणिक ने कहा कि उन्हें काफी पहले ही पद छोड़ देना चाहिए था। उन्होंने कहा कि केवल फिरहाद हकीम ही नहीं, बल्कि ऐसे सभी काउंसलर और कमिश्नर जो काम नहीं करना चाहते, उन्हें भी पद छोड़ देना चाहिए ताकि नए लोगों को अवसर मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि किसी पर दबाव नहीं डाला जा रहा है और लोग स्वयं इस्तीफा दे रहे हैं।
उस्मान हादी हत्याकांड को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की टिप्पणियों पर भी निसिथ प्रमाणिक ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री की ओर से दिए जा रहे बयान गलत संदेश दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले में दो केस दर्ज किए गए हैं और कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
भारत-बांग्लादेश सीमा के मुद्दे पर क्या बोले?
भारत-बांग्लादेश सीमा पर फेंसिंग के मुद्दे पर उन्होंने स्पष्ट कहा कि सीमा सुरक्षा के लिए फेंसिंग का कार्य हर हाल में पूरा किया जाएगा। उनके अनुसार, किसी भी विरोध या आलोचना के बावजूद सीमा पर 100 प्रतिशत फेंसिंग सुनिश्चित की जाएगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबसे लंबे कार्यकाल के संदर्भ में निसिथ प्रमाणिक ने इसे देश के लिए गर्व का विषय बताया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने विकास और राष्ट्र निर्माण के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। उनके मुताबिक, भारत तेजी से विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है और इसका बड़ा श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को जाता है।