पाकिस्तान में बृहस्पतिवार को सूफी संत लाल शाहबाज कलंदर की दरगाह में आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) के आत्मघाती हमले में कम से कम 100 लोगों की मौत हो गई। दर्जनों लोग घायल हैं। सिंध प्रांत के सहवान कस्बे में स्थित इस दरगाह में बृहस्पतिवार शाम को सूफी रस्म धमाल के चलते जायरीनों की भारी भीड़ थी, उसी समय आत्मघाती हमलावर ने खुद को ब्लास्ट कर उड़ा लिया। पाकिस्तान में एक सप्ताह के अंदर यह पांचवां आतंकी हमला है।
पुलिस ने बताया कि आत्मघाती हमलावर दरगाह के गोल्डन गेट से अंदर घुसा और ब्लास्ट कर दिया। इससे पहले उसने वहां एक ग्रेनेड भी फेंका, लेकिन वह फटा नहीं। सहवान थाने के एसएचओ रसूल बख्श ने बताया कि मरने वालों में बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं। आईएस ने अपनी अमाक समाचार एजेंसी के जरिए हमले की जिम्मेदारी ली है।
यह दरगाह शहर से काफी दूर है। दरगाह से सबसे नजदीक स्थित अस्पताल की दूरी भी 40 से 50 किमी है। बचाव अधिकारियों के मुताबिक पर्याप्त संख्या में एंबुलेंस मौजूद नहीं रहने से बचाव अभियान में काफी दिक्कत आई। जमशूरू के एसएसपी तारिक विलायत ने कहा कि आसपास के शहरों से एंबुलेंस सहवान भेजी गई हैं। हमले के बाद सरकार ने पास के जमशूरू और हैदराबाद शहरों के अस्पतालों में इमरजेंसी घोषित कर दी है। बचाव कार्य के लिए सेना ने सी130 विमान को लगा दिया है।