At-Home Ceremony: rashtrapati bhavan
- फोटो : istock
विभिन्न राज्यों की राजधानियों में स्वतंत्रता दिवस पर होने वाले एट होम समारोह में इस बार कुछ खास लोगों को बुलाया गया है। इनमें वे लोग भी शामिल हैं, जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में ख्याति अर्जित की है। कोविड 19 के दौरान सराहनीय कार्य करने वाले, पर्यावरण के संरक्षक यानी इको-वॉरियर, स्वच्छग्राही, मन की बात कार्यक्रम में भाग लेने वाले, ओलंपिक पदक विजेता, महिला सरपंच, टॉप पर रहने वाले स्टूडेंट और सर्वश्रेष्ठ रिसर्चर को 'एट होम' समारोह में आमंत्रित किया जाएगा। खास बात है कि राजभवन में आयोजित समारोह के दौरान देशभक्ति के गीत बजेंगे, लेकिन ऐसे फिल्मी गानों से परहेज रखना होगा।
स्वतंत्रता दिवस पर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के लिए एक एडवाइजरी जारी की है। इसमें कई बातें कही गई हैं। जैसे 15 अगस्त की शाम को राजभवनों में होने वाले एट होम समारोह में किन लोगों को बुलाया जाए। राष्ट्रपति भवन और विभिन्न राज्यों के राजभवनों में आयोजित होने वाले 'एट होम' समारोह में कोविड-19 के बचाव के नियमों का पालन करना होगा। तिरंगा फहराने का समय सुबह नौ बजे रखा गया है। राज्यों की राजधानियों के अलावा जिला एवं ब्लॉक स्तर पर स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा।
राज्यपाल निवास यानी राजभवन और एलजी हाउस में शाम पांच बजे के बाद एट होम समारोह आयोजित होगा। जिन अतिथियों को बुलाया जाना है, उनकी तैयारी पहले से कर ली जाए। राजभवन में पहुंचने वाले अतिथियों में दिव्यांगजन, कोविड के दौरान अपनी जान की परवाह न कर लोगों की मदद करने वाले लोग, पदम पुरस्कारों से सम्मानित, शहीदों के परिजन, राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलों में जीत हासिल करने वाले, विशिष्ट शिक्षाविद्ध, फ्रंटलाइन हेल्थ वर्कर, बहादुरी का पदक जीतने वाले बच्चे और महिला सरपंचों को आमंत्रित किया जाएगा। ऐसे लोगों के लिए समारोह में कम से कम 25-50 सीटें आरक्षित रखी जाएं। एट होम के दौरान विभिन्न स्कूलों की बैंड प्रतियोगिता कराई जा सकती हैं। यदि किसी राज्य में कोई खास आविष्कार हुआ है, तो उसे एट होम समारोह के दौरान प्रदर्शित किया जाए।