मार्च में ही गर्मी ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया है। रविवार को मुंबई में तापमान ने नया रिकॉर्ड बना दिया। इस मार्च में लगातार दूसरी बार मुंबई देश का सबसे गर्म शहर रहा। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को दिन का तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है, जो सामान्य तापमान से लगभग सात डिग्री अधिक है। अभी से यहां लू पड़ने लगी है।
मौसम विभाग ने और क्या कहा?
- रविवार को मुंबई के सांताक्रूज वेधशाला और कोलाबा वेधशाला में क्रमश: 39.4 डिग्री सेल्सियस और 35.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया।
- इस महीने में यह दूसरी बार है जब मुंबई ने देश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया है।
- छह मार्च को यहां तापमान 39.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो उस दिन देश में सबसे अधिक था।
- रविवार को गर्मी का कहर फिर देखने को मिला। मुंबई में तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
हीट वेव की चेतावनी जारी की गई थी
मौसम विभाग ने तीन दिनों की हीट वेव की चेतावनी जारी की थी। शुक्रवार से लेकर रविवार तक मुंबई में हीट वेव रहा। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार से मुंबई में गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद की जा सकती है। तापमान में गिरावट आने का अनुमान है। कोंकण के अंदरूनी हिस्सों में बारिश की संभावना है। इसके साथ ही हवा के रूख में भी बदलाव हो सकता है।