दुश्मन को 160 किलोमीटर की दूरी से हवा से हवा में अपना निशाना बनाने वाली अस्त्र मिसाइल का परीक्षण इस साल शुरू होगा। सीमा पर हवाई युद्ध के दौरान चीन और पाकिस्तान की चुनौतियों से निपटने में यह घातक मिसाइल भारत की ताकत का परिचायक होगी। लंबी दूरी की मारक क्षमता से लैस अस्त्र मार्क-2 मिसाइल विजिबल रेंज से बाहर भी दुश्मनों के विमान को निशाना बनाने में सक्षम होगी।
ध्वनि की गति से चार गुना तेजी से भरेगी उड़ान
अस्त्र मार्क-2 मिसाइल ध्वनि की गति से चार गुना तेजी से उड़ान भरती है। स्वदेशी लड़ाकू विमान तेजस पर इसे 100 किलोमीटर से ज्यादा की स्ट्राइक रेंज की क्षमता देने के प्रयास जारी हैं। यह मिसाइल सभी मौसम, दिन और रात हर समय मार करने में समर्थ है। मौजूदा समय में इसकी रेंज लगभग 100 किलोमीटर की है। यह महंगी रूसी, फ्रांसीसी और इस्राइल की बीवीराम की जगह लेगी। अभी भारत इन मिसाइलों को आयात करता है।