राजस्थान में इस वक्त राज्य में भाजपा की सरकार है, लेकिन चुनावी आंकड़े बताते हैं कि 1993 के बाद से यहां लगातार दो बार कोई भी पार्टी सत्ता में नहीं आ सकी है। कभी भाजपा की सरकार बनती है तो कभी कांग्रेस राज्य की सत्ता पर काबिज हो जाती है।
पिछले चुनाव की अगर बात करें तो भाजपा ने कुल 200 सीटों में से 163 सीटों पर कब्जा जमाया था, जबकि कांग्रेस महज 21 सीटें ही जीत पाई थी। वहीं, बहुजन समाज पार्टी को 3, नेशनल पीपुल्स पार्टी को 4, नेशनल यूनियनिस्ट जमींदारा पार्टी को 2 सीटें मिली थीं, जबकि 7 सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवार जीते थे।
इस बार भी भाजपा ने मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को सीएम पद का उम्मीदवार बनाया है, जबकि कांग्रेस की ओर से उनके सामने सचिन पायलट हैं।
छत्तीसगढ़ का चुनावी समीकरण
मध्य प्रदेश की तरह ही छत्तीसगढ़ में भी भाजपा कांग्रेस के सामने पहाड़ की तरह खड़ा है। पिछले 15 सालों से यहां भी भाजपा की सरकार है। हालांकि साल 2000 में राज्य के गठन के बाद कांग्रेस सत्ता पर काबिज हुई थी, लेकिन उसके बाद से हुए तीन चुनावों में उसे लगातार हार का सामना करना पड़ा है।
2013 में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने भाजपा को कड़ी टक्कर जरूर दी थी, लेकिन फिर भी उसे हार का सामना करना पड़ा था। राज्य की कुल 90 सीटों में से भाजपा ने 49 सीटें जीती थी, जबकि कांग्रेस ने 39 सीटों पर कब्जा जमाया था। इसके अलावा एक सीट पर बहुजन समाज पार्टी ने जीत दर्ज की थी, जबकि बाकी बची एक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार ने कब्जा जमाया था।