कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के प्रमुख बाला साहब थोराट ने कहा है कि पार्टी अगले दो दिनों मेें राज्य विधानसभा चुनाव के लिए 50 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर देगी। पार्टी की स्क्रीनिंग कमेटी ने दिल्ली में बुधवार को इस सूची को अंतिम रूप दे दिया है।
उन्होंने कहा कि हम सभी चुनाव का सामना करने के लिए तैयार हैं और हमने अच्छे व प्रतिभाशाली उम्मीदवारों को चुना है। हमें भरोसा है कि वह अच्छा भी करेंगे। पहले 50 प्रत्याशियों की सूची के 20 सितंबर तक सामने आने की आशा है।
गौरतलब है कि राज्य विधानसभा की 288 सीटों पर कांग्रेस और एनसीपी ने गठबंधन बनाया है और प्रत्येक दल 125-125 सीटों पर चुनाव लड़ रहा है, जबकि बाकी सीटें गठबंधन में शामिल अन्य दलों के लिए छोड़ दी गई हैं।
चुनाव आयोग ने महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव की तैयारियों को परखा
चुनाव आयोग ने विधानसभा चुनावों के मद्देनजर महाराष्ट्र का दौरा किया। मुंबई में मुख्य निर्वाचन आयुक्त सुनील अरोड़ा, चुनाव आयुक्त अशोक लवासा और सुशील चंद्रा और राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी बलदेव सिंह और डिप्टी निर्वाचन अधिकारी दिलीप शिंदे के साथ विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की। राज्य आयोग ने चुनाव आयोग से नए वोटरों के नामांकन और जागरूकता अभियान की प्रगति की रिपोर्ट सांझा की।
आयोग ने राज्य के राजनीतिक दलों के प्रमुख नेताओं से भी मुलाकात की। क्योंकि राज्य से एक चरण में चुनाव होना है। इसलिए आयोग ने अतिरिक्त सुरक्षा बलों के अलावा चाक चौबंद व्यवस्था के लिए राज्य आयोग को निर्देश दिए।
महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनाव इस साल दिवाली से पहले चुनाव पूरे होने हैं। तिथियों की घोषणा इसी सप्ताह होनी है। हरियाणा में 90 और महाराष्ट्र में 288 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव होना है।