कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सोमवार को कन्याकुमारी पहुंचे। कन्याकुमारी में एक रोड शो के दौरान राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोला। राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मन में तमिल के लोगों के प्रति सम्मान नहीं है। हम मोदी और आरएसएस को तमिल संस्कृति का अपमान नहीं करने देंगे।
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी पर हमला बोलते हुए कहा कि दिल्ली में सरकार तमिल की संस्कृति का सम्मान नहीं करती है। उनका पास एक मुख्यमंत्री (पलानीस्वामी) है, जो राज्य को प्रतिनिधित्व नहीं करता है, वे (प्रधानमंत्री) जो कहते हैं, वो सब करता है। राहुल गांधी ने कहा कि मोदी कहते हैं - एक देश, एक संस्कृति, एक इतिहास, तो मैं पूछना चाहता हूं कि क्या तमिल की संस्कृति भारतीय नहीं है। एक भारतीय होने के नाते हमारी जिम्मेदारी है कि हम मोदी और आरएसएस को तमिल के लोगों का अपमान नहीं करने देंगे।
राहुल गांधी ने कहा कि यह चुनाव एक संदेश देने वाला है। पहला यह कि हमारा देश विभिन्न धर्मों, संस्कृतियों, भाषाओं औ इतिहास का देश है और सभी का सम्मान करते हैं। राहुल ने प्रधानमंत्री मोदी और आरएसएस पर निशाना साधते हुए कहा, ''हम तमिल संस्कृति, भाषा और इतिहास का अपमान नहीं करने देंगे।''
राहुल गांधी ने कहा कि तमिलनाडु के सीएम को दिल्ली से पीएम मोदी कंट्रोल करना चाहते हैं। राहुल ने कहा कि मैं तमिलनाडु के मुख्यमंत्री से बहुत निराश हूं क्योंकि नरेंद्र मोदी के खिलाफ खड़े होने और सवाल पूछने की बजाय उन्होंने आत्मसमर्पण कर दिया है।
राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री को खुद को टीवी पर देखना पसंद है, इसलिए उन्हें लगता है कि तमिलनाडु टीवी की तरह है और वो रिमोट कंट्रोल की मदद से चैनल बदल सकते हैं क्योंकि मुख्यमंत्री भ्रष्ट हैं और मोदी के पास सीबीआई और ईडी है।