भाजपा के स्टार प्रचारक और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यहां एक चुनावी सभा में असम में चाय बागान कर्मियों, अवैध घुसपैठियों और निरंतर बाढ़ की समस्या से निजात दिलाने का वादा किया। उन्होंने इन मसलों को हल करने में अपने पिछले कार्यकाल में नाकाम रहने के लिए कांग्रेस की आलोचना की।
आदित्यनाथ ने दृढ़तापूर्वक कहा कि इन सभी समस्याओं से भाजपा ही निजात दिलाएगी। पिछले पांच वर्ष के भाजपा शासन में राज्य में शांति, एकता और विकास की शुरुआत हो चुकी है। योगी ने कहा, हमारी पार्टी ऐसी योजना लाएगी, जिससे राज्य में चाय बागान और वहां काम करने वालों को नई पहचान मिलेगी।
उन्होंने कहा कि पांच साल पहले कांग्रेस की सरकार के दौरान राज्य के विकास पर कोई चर्चा नहीं होती थी। कांग्रेस ने सियासी फायदे के लिए लोगों को क्षेत्र के आधार पर बांटा। बोडोलैंड और घुसपैठ की भी समस्या रही, लेकिन प्रधनमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘लुक ईस्ट’ पॉलिसी के कारण हालात काफी बदल गए। इससे पूरे पूर्वोत्तर की छवि बदल गई।