पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिजोरम में चुनाव की तारीखों की घोषणा हो गई है। इसी के साथ इन राज्यों में चुनावी गहमागहमी का दौर तेज हो गया है। चुनाव तारीखों के एलान के बाद इन राज्यों में बड़े नेताओं के दौरे और रैलियों की संख्या बढ़ गई है। हम आपको बता रहे हैं इन राज्यों में चुनाव से जुड़ी हर छोटी-बड़ी खबरों का अपडेट।
छत्तीसगढ़ में प्रचार के आखिरी दिन दिग्गजों का जमावड़ा
छत्तीसगढ़ में 12 नवंबर को पहले चरण का मतदान होना है। ऐसे में आज प्रचार के आखिरी दिन भाजपा ने अपने कुछ सबसे बड़े चेहरों को मैदान में उतारा है। प्रचार की अगुवाई खुद पार्टी अध्यक्ष अमित शाह के हाथ में है। सुबह 11.30 बजे शाह ने भाजपा के संकल्प पत्र को जनता के सामने रखा। इसके अलावा गांधी मैदान, राजिम और राजनांदगांव में भी कार्यक्रम है।
इसके अलावा विदेश मंत्री सुषमा स्वराज दुर्ग जिले में उम्मीदवारों के लिए प्रचार करती दिखाई देंगी। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के चार कार्यक्रम रखे गए हैं। वो लोरमी, मुंगेली, साजा और कर्वधा में प्रचार की कमान संभालेंगे। स्टार प्रचारक के तौर पर बाबुल सुप्रियो भी नारायणपुर और कांकेर में भाजपा के लिए वोट मांगेंगे।
राहुल गांधी की ताबड़तोड़ रैलियां
छत्तीसगढ़ के रण में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी दूसरे दिन भी ताकत झोंक रहे हैं। राहुल की प्रदेश में तीन रैलियां हैं। राहुल आज कांकेर और जगदलपुर में रैलियां कर रहे हैं।
मध्यप्रदेश में सीएम की ऑडियो कॉन्फ्रेंसिंग
आज एमपी के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भाजपा दफ्तर में सभी प्रत्याशियों के साथ ऑडियो कॉन्फ्रेंसिंग भी की।