फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Assembly Bypolls Updates: बांकीपुर में 34 तो दतिया में 70 प्रतिशत से अधिक मतदान, मांजलपुर सीट का कैसा रहा हाल?

Thu, 30 Jul 2026 01:08 PM IST
राकेश कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली।

खास बातें

Bankipur Datia Manjalpur bypoll: बिहार, मध्य प्रदेश और गुजरात की तीन अहम विधानसभा सीटों पर आज उपचुनाव के लिए मतदान हो रहा है। इसमें बिहार की बांकीपुर सीट पर भाजपा, राजद और जनसुराज के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है, जबकि मध्य प्रदेश की दतिया और गुजरात की मांजलपुर सीट पर भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने हैं। विधायक के इस्तीफे, सदस्यता रद्द होने और निधन के कारण खाली हुई इन तीनों सीटों के चुनावी नतीजे आगामी तीन अगस्त को घोषित किए जाएंगे। तीनों सीटों पर हो रहे मतदान से जुड़े हर अपडेट्स जानने के लिए बने रहें अमर उजाला के साथ...

 
विज्ञापन
विधानसभा उपचुनाव - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

लाइव अपडेट

07:18 PM, 30-Jul-2026

मतदान खत्म, परिणाम का इंतजार

बिहार, गुजरात और मध्य प्रदेश की तीन सीटों पर हो रहा उपचुनाव शाम के 6 बजते ही खत्म हो गया। चुनाव आयोग की तरफ से जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक, सबसे कम मतदान बिहार की बांकीपुर सीट पर देखने के लिए मिला है। यहां कुल 34.16% हुआ है। वहीं गुजरात के मांजलपुर में भी उपचुनाव में लोगों ने कोई खास दिलचस्पी नहीं दिखाई और यहां भी मजह 37.50% मतदान हुआ है। वहीं, सबसे ज्यादा मतदान 70.25 प्रतिशत दतिया में हुआ है। अब लोगों को तीन अगस्त को होने वाली मतगणना का इंतजार है। 

06:29 PM, 30-Jul-2026

तीनों सीटों पर शाम 5 बजे तक कितनी प्रतिशत वोटिंग?

चुनाव आयोग की तरफ से जारी किए गए आकड़ों के मुताबिक, इस उपचुनाव में सबसे ज्यादा वोटिंग मध्य प्रदेश के दतिया सीट पर हुई है। चुनाव आयोग ने बताया कि शाम पांच बजे तक दतिया सीट पर 68.78%, बांकीपुर में 33.57% और मांजलपुर में 34.35% प्रतिशत वोटिंग हुई है। हालांकि 6 बजने के बाद भी अभी तक अंतिम वोटिंग प्रतिशत का आंकड़ा सामने नहीं आ पाया है। 

04:05 PM, 30-Jul-2026

बिहार और गुजरात में कछुए की चाल

दोपहर तीन बजे तक सबसे कम मतदान बिहार की बांकीपुर सीट पर अब तक दर्ज किया गया है। चुनाव आयोग की तरफ से जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक, सुबह से लेकर अब तक यहां महज 27.82  प्रतिशत वोटिंग हुई है। बता दें कि यह सीट नितिन नवीन के भाजपा अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद बनने के बाद खाली हुई है। वहीं, गुजरात के मांजुलपुर में भाजपा विधायक के निधन के बाद खाली हुई सीट पर उपचुनाव हो रहा है और यहां अब तक 28.47 प्रतिशत वोटिंग हुई है।

विज्ञापन
04:03 PM, 30-Jul-2026

दतिया में जमकर हो रहा मतदान

 मध्य प्रदेश के दतिया में कांग्रेस विधायक की अयोग्यता के बाद खाली हुई सीट पर उपचुनाव में जमकर मतदान हो रहा है। चुनाव आयोग की तरफ से जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक, दतिया सीट पर अब तक 61.48 फीसदी वोटिंग हुई है। बता दें कि यह सीट मध्य प्रदेश की राजनीति में अहम स्थान रखती है और 2023 के विधानसभा चुनाव में राज्य के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा यहां से हार गए थे। 

01:51 PM, 30-Jul-2026

दतिया उपचुनाव: दोपहर एक बजे तक 48.91% मतदान

दोपहर एक बजे तक दतिया सीट 48.91 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। वहीं, बांकीपुर सीट पर 20.01 फीसदी और गुजरात की मांजलपुर सीट पर 21.66 फीसदी वोटिंग हुई है। मध्य प्रदेश की दतिया सीट पर वोटिंग की रफ्तार शुरू से तेज है। 

विज्ञापन
01:07 PM, 30-Jul-2026

वोटिंग प्रतिशत बढ़ने की उम्मीद: भाजपा उम्मीदवार नीरज सिन्हा

भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा ने कहा कि माहौल पूरी तरह से शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण है। माताएं, बहनें, माता-पिता, अभिभावक, चाचा-चाची, दादा-दादी, सभी वोट डालने के लिए बाहर आए हैं। हम चाहते हैं कि मतदान का प्रतिशत जितना हो सके उतना अधिक हो। हमें उम्मीद है कि वोटिंग प्रतिशत बढ़ेगा। हर कोई हमें अपना आशीर्वाद दे रहा है, खासकर माताएं और बहनें। मैं बांकीपुर का बेटा हूं और वे मुझे आशीर्वाद दे रहे हैं।

12:16 PM, 30-Jul-2026

किस सीट पर कितने प्रतिशत मतदान हुआ?

  • बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में अब तक  लगभग 11.50% मतदान दर्ज किया गया।
  • मंजलपुर विधानसभा उपचुनाव में अब तक लगभग 14.24% मतदान दर्ज किया गया।
  • दतिया विधानसभा उपचुनाव में अब तक लगभग 32.53% मतदान दर्ज किया गया।

11:14 AM, 30-Jul-2026

मांजलपुर उपचुनाव: भाजपा और कांग्रेस में सीधी टक्कर, शुरुआती तीन घंटों में 6.06% हुआ मतदान

गुजरात की वडोदरा सीट के अंतर्गत आने वाली मांजलपुर विधानसभा पर उपचुनाव के लिए आज सुबह से वोटिंग जारी है। भारत निर्वाचन आयोग के अनुसार, सुबह 10 बजे तक शुरुआती तीन घंटों में यहां 6.06% मतदान दर्ज किया गया है। यह सीट भाजपा के वरिष्ठ विधायक और पूर्व मंत्री योगेश पटेल के निधन के बाद खाली हुई थी। इस उपचुनाव में मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ भाजपा और कांग्रेस के बीच है। भाजपा ने पूर्व पार्षद सतीश पटेल पर दांव लगाया है, तो वहीं कांग्रेस ने अपने वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री भीखाभाई रबारी को मैदान में उतारा है। इस क्षेत्र के कुल 2.19 लाख मतदाता आज इन दोनों नेताओं की किस्मत का फैसला ईवीएम में दर्ज कर रहे हैं।

चुनाव आयोग ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण वोटिंग के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। कुल 62 स्थानों पर 260 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं, जहां सुरक्षा के लिए 100% लाइव वेबकास्टिंग और सीसीटीवी से निगरानी रखी जा रही है। बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए व्हीलचेयर और होम वोटिंग जैसी विशेष सुविधाएं दी गई हैं, जबकि दो बूथ पूरी तरह महिला स्टाफ द्वारा संचालित किए जा रहे हैं। वोटिंग प्रतिशत की जानकारी हर दो घंटे में अपडेट की जा रही है। 36 वर्षों से भाजपा का मजबूत गढ़ रही इस सीट पर आज डाले जा रहे वोटों की गिनती और नतीजे तीन अगस्त को सामने आएंगे।

11:09 AM, 30-Jul-2026

आपका मत महत्वपूर्ण, विकसित भारत बनाने में दें योगदान: नितिन नवीन

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बांकीपुर, मांजलपुर और दतिया विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं से चुनाव में बढ़-चढ़कर वोट डालने की अपील की। उन्होंने कहा कि बांकीपुर, मांजलपुर और दतिया के उज्ज्वल भविष्य के लिए आपका एक-एक मत अत्यंत महत्वपूर्ण है।

नितिन नवीन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट किया, 'आज बांकीपुर, मांजलपुर और दतिया के उज्ज्वल भविष्य के लिए आपका एक-एक मत अत्यंत महत्वपूर्ण है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि इन तीनों विधानसभा क्षेत्रों की जनता एक बार फिर विकास, सुशासन और जनसेवा के संकल्प पर अपना अटूट विश्वास व्यक्त करेगी तथा विकास की इस निरंतर यात्रा को नई शक्ति प्रदान करेगी।'

उन्होंने आगे लिखा, 'मैं बांकीपुर, मांजलपुर और दतिया विधानसभा के सभी सम्मानित मतदाताओं, विशेषकर युवाओं व मातृशक्ति से आग्रह करता हूं कि अधिक से अधिक संख्या में मतदान करें और विकसित भारत के संकल्प को सशक्त बनाने में अपना अमूल्य योगदान दें। याद रखें- पहले मतदान, फिर जलपान।'
 

11:08 AM, 30-Jul-2026

मोहन यादव बोले-दतिया के उज्ज्वल भविष्य और मजबूत लोकतंत्र की नींव है आपका वोट 

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दतिया विधानसभा के सभी मतदाताओं से आग्रह किया कि वे लोकतंत्र के इस महापर्व में अपने मताधिकार का अवश्य प्रयोग करें। उन्होंने 'एक्स' पोस्ट में कहा, 'आपका वोट दतिया के उज्ज्वल भविष्य और मजबूत लोकतंत्र की नींव है। मत देकर विकसित भारत और विकसित मध्य प्रदेश के निर्माण में सहभागी बनें।'

10:49 AM, 30-Jul-2026

प्रशांत किशोर का बड़ा आरोप-भाजपा नहीं पुलिस लड़ रही यह चुनाव

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के बीच जनसुराज के संस्थापक और उम्मीदवार प्रशांत किशोर ने कहा, 'व्यवस्थित तरीके से जहां कहीं भी जनसुराज के लोगों ने टेबल लगाई है, ये लोग उसे पकड़ रहे हैं. पूरे बांकीपुर में दिख रहा है कि ये उपचुनाव भाजपा नहीं लड़ रही बल्कि पुलिस बल लड़ रहा है। लोगों के घरों में जाकर उन्हें रात से ही डराया जा रहा है, किसी को पकड़ा जा रहा है। यहां अनुमति के साथ जो (जन-सुराज के) टेबल लगे हुए हैं, वहां से लोगों को पकड़कर पुलिस ले गई है, इसलिए लोग उत्तेजित हो रहे हैं।'

10:45 AM, 30-Jul-2026

जिम्मेदारी पूर्वक करें मताधिकार का प्रयोग- CM सम्राट चौधरी

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बांकीपुर के मतदाताओं से ‘पहले मतदान, फिर जलपान’ की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती हर जागरूक मतदाता की भागीदारी से ही संभव है, इसलिए सभी नागरिक अपने मताधिकार का जिम्मेदारीपूर्वक प्रयोग करें और राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।

10:42 AM, 30-Jul-2026

बांकीपुर उपचुनाव में 9 बजे तक 4.61% वोटिंग

बांकीपुर में सुबह 9 बजे तक 4.61 % वोटिंग हुई है। यहां मुख्य लड़ाई राजद, भाजपा और जनसुराज के बीच मानी जा रही है.

10:34 AM, 30-Jul-2026

मांजलपुर उपचुनाव: वोट डालने के बाद बोले कांग्रेस उम्मीदवार भीखाभाई रबारी-लोकतंत्र में मतदान आपका अधिकार

गुजरात की मांजलपुर विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी भीखाभाई रबारी ने उपचुनाव के दौरान अपना वोट डालने के बाद आम जनता से बढ़-चढ़कर मतदान प्रक्रिया में हिस्सा लेने की अपील की। मतदान केंद्र के बाहर मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, 'लोकतंत्र में वोट देना हम सभी का अधिकार है। मैं जनता से अपील करता हूं कि वे भारी संख्या में निकलकर मतदान करें। आप जिसे चाहें उसे वोट दें, लेकिन अपना वोट जरूर डालें।'
 

10:33 AM, 30-Jul-2026

बांकीपुर में वोट डालने के बाद बोले मंत्री अशोक चौधरी-मैदान में कोई मुकाबला ही नहीं

बिहार सरकार में मंत्री अशोक चौधरी ने अपनी पत्नी नीता चौधरी के साथ पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट पर चल रहे उपचुनाव में अपना वोट डाला। मतदान के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने अपनी जीत का भरोसा जताया और कहा कि बांकीपुर सीट पर एनडीए का कोई वास्तविक मुकाबला नहीं है। उन्होंने कहा, 'हम जिस विचारधारा के साथ खड़े हैं, उसे मजबूती दे रहे हैं। बांकीपुर में दूर-दूर तक कोई टक्कर में नहीं है।
 

10:09 AM, 30-Jul-2026

प्रशांत किशोर बोले-हम 200 फीसदी जीतेंगे

जन सुराज के संस्थापक और बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के उम्मीदवार प्रशांत किशोर ने कहा कि काफी समय बाद भाजपा ने कुछ अच्छा काम किया है; उन्होंने फर्जी वोटिंग रोकने के लिए ईपीआईसी कार्ड की सख्ती से जांच करने की मांग की है, हम इस कदम का स्वागत करते हैं। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में हम 200% जीतेंगे।

10:02 AM, 30-Jul-2026

दतिया में सुबह 9 बजे तक 12.94 प्रतिशत मतदान हुआ

दतिया उपचुनाव को लेकर मतदान चल रहे हैं। निर्वाचन आयोग ने सुबह नौ बजे तक हुए मतदान प्रतिशत को लेकर जानकारी दी है। आयोग के मुताबिक दतिया में सुबह 9 बजे तक 12.94 प्रतिशत मतदान हुआ है।

09:55 AM, 30-Jul-2026

2023 में नरोत्तम मिश्रा को हराकर राजेंद्र भारती ने तोड़ा था भाजपा का विजय अभियान

मध्य प्रदेश की दतिया सीट पर 2008 से लगातार तीन बार जीत दर्ज करने वाली भाजपा का विजय रथ 2023 के विधानसभा चुनाव में रुक गया था। हर चुनाव के साथ मजबूत होती कांग्रेस ने बेहद कांटे के मुकाबले में बाजी मारी और उसके उम्मीदवार राजेंद्र भारती ने तत्कालीन गृह मंत्री व बीजेपी के कद्दावर नेता नरोत्तम मिश्रा को 7,500 से अधिक वोटों से हरा दिया था। हालांकि, बाद में कोर्ट द्वारा राजेंद्र भारती की सदस्यता समाप्त होने के कारण ही आज इस चर्चित सीट पर दोबारा उपचुनाव कराया जा रहा है।

09:46 AM, 30-Jul-2026

Assembly Bypolls Updates: बांकीपुर में 34 तो दतिया में 70 प्रतिशत से अधिक मतदान, मांजलपुर सीट का कैसा रहा हाल?

बिहार की बांकीपुर सीट: इस शहरी और हाई-प्रोफाइल सीट पर कुल 26 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं, लेकिन मुख्य रूप से त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल रहा है। भारतीय जनता पार्टी ने यहां से युवा मोर्चा के नेता नीरज कुमार सिन्हा को अपना प्रत्याशी बनाया है। उनका मुख्य मुकाबला जन सुराज पार्टी के संस्थापक और चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर से है, जो इस चुनाव के जरिए अपना सियासी सफर शुरू कर रहे हैं। इसके अलावा, राष्ट्रीय जनता दल ने रेखा गुप्ता को मैदान में उतारकर इस लड़ाई को और भी कड़ा बना दिया है।

मध्य प्रदेश की दतिया सीट: यहां से कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की सदस्यता रद्द होने के कारण उपचुनाव हो रहा है, जिसमें 21 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा है। भाजपा ने इस बार पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा की जगह नए चेहरे आशुतोष तिवारी को टिकट दिया है। वहीं, कांग्रेस ने अपने कद्दावर और अनुभवी दिग्गज नेता कुंवर घनश्याम सिंह पर दांव लगाया है। इसके अलावा, बहुजन समाज पार्टी की ओर से दामोदर सिंह यादव भी मुख्य उम्मीदवारों की सूची में शामिल हैं।

गुजरात की मांजलपुर सीट: वडोदरा जिले की इस सीट पर वरिष्ठ भाजपा विधायक योगेश पटेल के निधन के कारण मतदान हो रहा है। पाटीदार बहुल माने जाने वाले इस भाजपा के मजबूत गढ़ में कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधी टक्कर है। भारतीय जनता पार्टी ने यहां से सतीश पटेल को उम्मीदवार बनाकर चुनावी मैदान में उतारा है, जबकि विपक्षी दल कांग्रेस ने अपने पूर्व मंत्री भीखाभाई रबारी पर भरोसा जताते हुए उन्हें टिकट दिया है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें