असम में कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के पटरी से उतरने के बाद का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें लोको पायलट यह कहते दिख रहे हैं कि इमरजेंसी ब्रेक काम नहीं कर रहे हैं और ट्रेन की गति नियंत्रित नहीं हो पा रही है। हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
असम के गुवाहाटी के पास बुधवार सुबह हुए रेल हादसे के बाद एक वीडियो जमकर वायरल हो रहा है। जानकारी के मुताबिक, दूसरी ट्रेन को रास्ता देने के लिए रोकने के दौरान यह हादसा हुआ। इस दौरान लोको पायलट ट्रेन की गति को नियंत्रित नहीं कर सका, जिससे ट्रेन पटरी से उतर गई। हादसे के दौरान का एक वीडियो सामने आया है। इसमें देखा जा सकता है कि ट्रेन की तफ्तार तेज है और ट्रेन में मौजूद लोको-पायलट काफी परेशान नजर आ रहे हैं कि ट्रेन कंट्रोल नहीं हो पा रही है। वीडियो में लोको-पायलट यह कह रहा है- स्पीड कम नहीं हो रही है, सिग्नल रेड है; इमरजेंसी लगी हुई है लेकिन कुछ काम नहीं कर रहा है।
हादसे के बाद यात्रियों को दूसरी ट्रेन के जरिए उनके गंतव्य तक पहुंचाया जा रहा है। राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिए गए हैं। नॉर्थईस्ट फ्रंटियर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) कपिंजल किशोर शर्मा ने बताया, 'सुबह लगभग 6:54 बजे एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटी। कोलकाता से सैरांग जा रही ट्रेन संख्या 13125, 'कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस', डिगारू रेलवे स्टेशन पर रुकनी थी ताकि 'जन शताब्दी एक्सप्रेस' को आगे जाने का रास्ता दिया जा सके। हालांकि, ट्रेन समय पर नहीं रुक पाई, जिसके कारण इसके आगे के पांच डिब्बे पटरी से उतर गए। गनीमत रही कि ट्रेन की गति कम थी, इसलिए किसी की जान जाने या किसी को गंभीर चोट लगने की कोई खबर नहीं है।'
आगे उन्होंने कहा 'हम गुवाहाटी से एक वैकल्पिक ट्रेन का इंतजाम कर रहे हैं, ताकि सभी यात्री सुरक्षित रूप से सैरांग में अपनी मंजिल तक पहुंच सकें। मुख्य रेलवे लाइन को भी जल्द ही बहाल कर दिया जाएगा, जिसके बाद ट्रेनों का परिचालन सामान्य हो जाएगा। प्रभावित डिब्बों को जल्द से जल्द ठीक करने की कोशिशें जारी हैं। हमारे वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच चुके हैं। इस घटना के कारणों का पता लगाने और किसी भी तरह की अन्य समस्याओं की पहचान करने के लिए जांच की जाएगी।'