मणिपुर के तेंगनौपाल जिले में असम राइफल्स ने बड़ी कार्रवाई की है। यहां सेना के जवानों ने 55.86 करोड़ रुपये की ब्राउन शुगर पकड़ी है साथ ही म्यांमार के दो नागरिकों को हिरासत में ले लिया है, उन पर यह मादक पदार्थ ले जाने का आरोप है।
पड़ोसी देश के तमू शहर के रहने वाले दो कथित म्यांमार तस्करों को असम राइफल्स के जवानों ने मंगलवार को भारत-म्यांमार सीमा के पास पकड़ा। जवान जब एच मुन्नोम गांव में नियमित जांच क रहे तो उनकी गतिविधि को देखते हुए उन तस्करों को दबोच लिया।
असम राइफल्स ने अपने बयान में कहा कि दोनों तस्कर एक दुपहिया वाहन में संदिग्ध तरीके से घूम रहे थे और उनके पास तीन कार्टन बॉक्स थे जो मोरेह शहर की ओर जा रहे थे। बक्सों की पूरी तरह से जांच करने पर, असम राइफल्स की टीम को 648 साबुन के डिब्बे मिले, जिनमें ब्राउन शुगर का वजन 27.94 किलोग्राम था। इसके बाद दो म्यांमार के नागरिकों और जब्त की गई दवाओं को आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए मोरेह पुलिस स्टेशन को सौंप दिया गया है।
इस बीच, मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने असम राइफल्स की सराहना करते हुए, अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर पोस्ट किया कि कुछ म्यांमार और उनके एजेंटों ने मणिपुर की स्वदेशी आबादी को परेशान करने के लिए एक ड्रग्स युद्ध शुरू किया है।
वहीं एक अलग मामले में मणिपुर पुलिस ने मंगलवार को टेंग्नौपाल जिले के एक व्यक्ति से 6.12 किलोग्राम वजन की ब्राउन शुगर और 4.44 किलोग्राम 'वर्ल्ड इज योर' टैबलेट जब्त की थी।