असम के नगांव में सीआरपीएफ के एक अधिकारी ने खुदकुशी करने से पहले अपने दो साथियों की गोली मारकर हत्या कर दी। वहीं, एक गंभीर रूप से घायल है। यह जानकारी पुलिस ने दी है।
पुलिस उपाधीक्षक ने क्या बताया?
नागांव की पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) परमिता सरकार ने पीटीआई को बताया कि यह घटना कटिमारी स्थित 34 बटालियन शिविर में मंगलवार सुबह करीब 7 बजे घटी, जब मुख्य द्वार पर ड्यूटी पर तैनात एएसआई/जीडी बलानी प्रेमबारम ने अपने सहयोगियों पर गोली चलाई। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार जवानों के बीच झगड़ा हुआ। इसके बाद यह हादसा हुआ।
डीएसपी ने बताया कि एएसआई ने बाद में खुद को गोली मार ली और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इसके साथ ही दो जवान, एचवी/जीडी विष्णु प्रसाद बघेल और एसआई/जीडी रामनवाल सिंह यादव की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जांच के आदेश दे दिए गए
सरकार ने बताया कि इस घटना में सीआरपीएफ का एक अन्य जवान एएसआई/माने गोविंद श्रीपुल घायल हो गया और उसे एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। उन्होंने आगे बताया कि सीआरपीएफ और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी शिविर में पहुंचे और घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।