माध्यमिक शिक्षा विभाग ने जानकारी दी है कि असम मे होने वाली हाई स्कूल शिक्षक पात्रता परीक्षा स्थगित कर दी गई है। बता दें कि असम में नागरिकता अधिनियम 2019 को लेकर विरोध प्रदर्शन चल रहा है।
इसके चलते असम में 19 दिसंबर 2019 को आयोजित होने वाली हाई स्कूल शिक्षक पात्रता परीक्षा को स्थगित कर दिया है। अब यह परीक्षा 19 जनवरी 2020 को आयोजित की जाएगी। गुरुवार को असम समेत देश के अन्य राज्यों में भी विरोध प्रदर्शन दर्ज किया गया।
असम के साथ-साथ कई अन्य राज्यों में भी परीक्षाएं रद्द की गई हैं। लखनऊ में तनाव की स्थिति को देखते हुए लखनऊ विश्वविद्यालय में शुक्रवार को होने वाली परीक्षाओं को रद्द कर दिया गया है। इसके अलावा झांसी में भी एहतियात के तौर पर बुंदेलखंड विश्वविद्यालय की परीक्षाएं रद्द कर दी गई हैं।
बता दें कि एनटीए ने भी 15 दिसंबर 2019 को आयोजित होने वाली सीएसआईआर-यूजीसी नेट परीक्षा को असम और मेघालय में स्थगित कर दिया था। हालांकि बाकि राज्यों में यह परीक्षा सामान्य रूप से आयोजित की गई।