असम सरकार दिवंगत गायक जुबीन गर्ग की मौत के मामले में तेजी से कार्रवाई करने में जुट गई है। सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा है कि राज्य सरकार इस मामले में विशेष सरकारी वकील की नियुक्ति करेगी। वहीं सरकार गौहाटी हाईकोर्ट से फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने की अपील करेगी।
असम सरकार ने दिवंगत गायक जुबीन गर्ग की मौत के मामले को तेजी से निपटाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि इस केस की सुनवाई के लिए एक विशेष लोक अभियोजक की नियुक्ति की जाएगी। इसके साथ ही सरकार गौहाटी हाई कोर्ट से अपील करेगी कि इस मामले की सुनवाई के लिए एक फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाई जाए, ताकि मुकदमे की कार्यवाही जल्द पूरी हो सके। सरकार चाहती है कि इस मामले में किसी भी तरह की देरी न हो और सच जल्द सामने आए। मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि दोषियों को सख्त सजा दिलाने के लिए हर कानूनी कदम उठाया जाएगा।
सीएम सरमा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि जांच में ज्यादा समय लगने की शिकायतों के कारण यह फैसला लिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि एसआईटी ने उन्हें आश्वासन दिया है कि जांच नवंबर के अंत तक पूरी हो जाएगी और आरोपपत्र दिसंबर के पहले सप्ताह में दाखिल कर दिया जाएगा। गौरतलब है कि, जुबीन गर्ग की 19 सितंबर को सिंगापुर में समुद्र में डूबने से मौत हो गई थी।
विज्ञापन
28 दिन बाद श्रद्धांजलि देने आ रहे हैं राहुल- सीएम हिमंत
सीएम हिमंत सरमा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के 28 दिन बाद जुबीन को श्रद्धांजलि देने आने पर कहा, देर से ही सही, लेकिन बेहतर है। उन्होंने कहा कि हम राहुल के दौरे का स्वागत करेंगे। सीएम सरमा ने आरोप लगाया कि भूपेन हजारिका की मौत के समय भी कांग्रेस का कोई सीनियर लीडर नहीं आया था।
बक्सा जेल हिंसा पर एनएचआरसी में शिकायत
कांग्रेस नेता देबब्रत सैकिया ने गायक जुबीन के आरोपियों को बक्सा जेल ले जाते समय हुई हिंसा पर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) में असम सरकार के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस लाठीचार्ज में नागरिकों और पत्रकारों के घायल होने के बावजूद जांच का एलान न होने पर चिंता व्यक्त की है।
जुबीन के सम्मान में ब्रह्मपुत्र घाटी फिल्म फेस्टिवल स्थगित
गायक जुबीन गर्ग के निधन पर शोक के कारण 10वां ब्रह्मपुत्र घाटी फिल्म फेस्टिवल (बीवीएफएफ) स्थगित कर दिया गया है। यह उत्सव दिसंबर 4 से 7 तक होना था। अब इसे 2026 में कभी भी आयोजित किया जाएगा।
मशहूर गायक जुबीन गर्ग की बीते 19 सितंबर को सिंगापुर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। जुबीन गर्ग नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल के चौथे संस्करण में शामिल होने सिंगापुर गए थे, जहां समुद्र में तैराकी के दौरान उनकी मौत हो गई। जुबीन की मौत की जांच सीआईडी की विशेष जांच टीम कर रही है।