असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने स्वतंत्रता दिवस पर घोषणा करते हुए कहा है कि उनकी सरकार एक लाख छोटे मामले वापस लेगी, ताकि निचली अदालतों पर बोझ कम किया जा सके। इनमें वे मामले भी शामिल होंगे, जो सोशल मीडिया पोस्ट किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि असम कभी भारत नहीं छोड़ेगा, उम्मीद है कि जो अभी भी संप्रभुता का सपना देख रहे हैं, वे चर्चा करने के लिए टेबल पर लौटेंगे। भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच असम में स्वतंत्रता दिवस का पालन हुआ।
उल्लेखनीय है कि असम में कई आतंकवादी संगठनों ने स्वतंत्रता दिवस का बहिष्कार करने का आह्वान किया था। मुख्यमंत्री ने गुवाहाटी के खानापारा स्थित पशु चिकित्सा महाविद्यालय के खेल मैदान में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में ध्वाजारोहण किया। इससे पहले उन्होंने परेड का निरीक्षण किया और सलामी ली। कार्यक्रम के दौरान रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।
तिरंगा फहराने के बाद मुख्यमंत्री सरमा ने कहा कि निचली अदालतों में लगभग चार लाख केस पेंडिंग हैं। सरकार ने फैसला किया है कि 14 अगस्त 2021 की आधी रात से पहले जो भी छोटे केस दर्ज किए गए थे, उन्हें वापस ले लिया जाएगा। इससे अदालतें रेप और मर्डर जैसे जघन्यों मामलों पर ज्यादा फोकस कर पाएंगी।
असम समेत नॉर्थईस्ट के पांच राज्यों में स्वतंत्रता दिवस के जश्न का बॉयकॉट करने वाले और टोटल शटडाउन का आह्वान करने वाले उग्रवादी समूहों उल्फा (आई) और एनएससीएन को सीधा जवाब देते हुए सरमा ने कहा कि संप्रभुता पर कोई बात नहीं हो सकती है और असम भारत को कभी नहीं छोड़ेगा।
'हर घर तिरंगा’ अभियान की सफलता पर सीएम ने कहा कि लोगों ने पिछले तीन दिनों में तिरंगा के लिए जो प्रेम दिखाया है, उससे पता चलता है कि असम हमेशा भारत के साथ है। मुझे उम्मीद है कि जो अभी भी स्वतंत्र राज्य का सपना देख रहे हैं वो चर्चा करने आएंगे और मिलकर राज्य के विकास के लिए काम करेंगे। उन्होंने एक ट्वीट करके आजादी के वीर सपूतों को श्रद्धांजलि दी।
अरुणाचल में ड्रोन सेवाएं शुरू की गईं
भारत को दुनिया का ड्रोन हब बनाने के लिए PM के विजन के मार्गदर्शन में ड्रोन सेवाएं शुरू की गईं। अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने कहा कि अरुणाचल प्रदेश सरकार भी विश्व आर्थिक मंच के सहयोग से स्वास्थ्य, कृषि, आपदा प्रबंधन में ड्रोन का उपयोग करने की पायलट परियोजना का संचालन करेगी।
'आसमान से दवा' का सफल प्रक्षेपण
अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा कि ड्रोन सेवा की पहली उड़ान शुरू हुई। पूर्वी कामेंग जिले के सेप्पा से च्यांग ताजो तक के लिए 'आसमान से दवा' का सफल प्रक्षेपण किया गया।