कोरोना महामारी के तेजी से बढ़ते मामलों के बीच असम सरकार ने सामुदायिक संक्रमण की बात स्वीकारते हुए लॉकडाउन को आगे बढ़ाने का संकेत दिया है। उधर राज्य के दीमा हसाओ जिले में आज (सोमवार) से दो हफ्ते का लॉकडाउन लागू किया जाएगा। कामरूप मेट्रोपोलिटन जिले के बाद दीमा हसाओ राज्य का दूसरा जिला है जहां पूर्ण लॉकडाउन लागू किया जा रहा है।
कामरूप मेट्रोपोलिटन में 28 जून से 12 जुलाई तक पूर्ण लॉकडाउन है। इसमें मुख्य रूप से गुवाहाटी शहर आता है।
दीमा हसाओ के उपायुक्त पॉल बरूआ ने पत्रकार वार्ता में कहा कि सामुदायिक संक्रमण की आशंका के मद्देनजर कड़ी पाबंदियां लागू की जाएंगी। जिले में छह संक्रमित मामले मिले हैं, जिनमें से पांच अग्रिम पंक्ति के कर्मचारी हैं।
उन्होंने कहा कि सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को किराने की दुकाने सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक खोलने की इजाजत होगी। दवाई की दुकानें, पेट्रोल पंप और एलपीजी एजेंसियों को खोलने की अनुमति है। फल, सब्जी और मछली की रेहड़ी वालों को , रेहड़ी लगाने की इजाजत नहीं होगी।