कछार जिला प्रशासन ने मतदान केंद्र तक आने में बुजुर्गों को होने वाली समस्या का ख्याल रखते हुए वरिष्ठ नागरिकों को ई-रिक्शा की सुविधा मुहैया कराई है। उल्लेखनीय है कि 126 सदस्यीय विधानसभा के लिए तीन चरण में चुनाव हो रहे हैं और दूसरे चरण में 39 सीटों पर मतदान हो रहा है जिनमें कछार जिले की 11 सीटें भी शामिल हैं। कछार जिले की उपायुक्त कीर्ति जल्ली ने बताया कि प्रशासन ने कई मतदान केंद्रों पर मतदान करने सबसे पहले आने वाले पुरुषों, महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिक को पौधे भेंट किए।
चुनाव आयोग के मुताबिक, असम में दूसरे चरण की 39 सीटों पर दोपहर तीन बजे तक 62.98 फीसदी मतदान हो चुका है। अधिकारियों का कहना है कि अब तक चुनाव शांतिपूर्ण रहा।
चुनाव आयोग के मुताबिक, असम में दूसरे चरण के मतदान के दौरान लोगों में काफी उत्साह नजर आ रहा है। इसके चलते दोपहर एक बजे तक 41.32 फीसदी वोटिंग दर्ज की गई है।
असम में मतदान को लेकर उत्साह चरम पर है। इस बीच कांग्रेस नेता सुष्मिता देव ने सिलचर में मतदान किया।
चुनाव आयोग के मुताबिक, सुबह 11 बजे तक असम में 21.71 फीसदी मतदान हो चुका है। अब तक मतदान शांतिपूर्ण रहा है। कहीं से भी हिंसा की कोई खबर नहीं है।
असम में दूसरे चरण के तहत 39 सीटों पर मतदान हो रहा है। इस दौरान ऑन इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट के अध्यक्ष बदरुद्दीन अजमल ने होजोई में बूथ नंबर 21 में अपना वोट डाला।
असम में दूसरे चरण का मतदान जोर-शोर से जारी है। चुनाव आयोग के मुताबिक, सुबह 9 बजे तक 10.51 फीसदी मतदान हो चुका है।
असम में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत मतदान हो रहा है। इसके तहत मतदाताओं में काफी जोश नजर आ रहा है। वहीं, सिलचर में मतदान केंद्रों के बाहर वोट डालने के लिए काफी भीड़ लगी हुई है।
पूर्व राज्य मंत्री रेलवे और भाजपा नेता राजन गोहेन ने नगांव स्थित मतदान केंद्र में वोट डाला। उन्होंने कहा कि भाजपा पहले चरण की 47 सीटों में से 35 सीटें जीतेगी। वहीं, दूसरे चरण की अधिकतर सीटें भी भाजपा की झोली में आएंगी। 75 से ज्यादा सीटें जीतकर भाजपा ही सरकार बनाएगी।
असम में मतदान के दौरान कोविड-19 गाइडलाइंस का पालन किया जा रहा है। इस दौरान वोट डालने से पहले मतदाताओं की थर्मल स्क्रीनिंग की जा रही है। साथ ही, मतदान केंद्र पहुंचने पर सैनिटाइजर और हैंड ग्लव्स भी दिए जा रहे हैं।
असम के दूसरे चरण में चुनाव में भाजपा की साख दांव पर है। इसके अलावा पार्टी के दिग्गज नेता भी अपनी सीट बचाने में जुटे हुए हैं। दरअसल, भाजपा ने वर्तमान मंत्रियों परीमल सुकलावैद्य को ढोलाई, भावेश करलिता को रांगिया, पिजुष हजारिका को जागीरोड और विधानसभा उपाध्यक्ष अमिनुल हक लस्कर को सोनाई से मैदान में उतारा है।
असम में दूसरे चरण के दौरान भी मतदाताओं में काफी उत्साह नजर आ रहा है। इस दौरान होजोई में पोलिंग बूथ के बाहर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी-लंबी लाइनें लग गईं।
दूसरे चरण के चुनाव में भी कई पोलिंग बूथ पर ईवीएम में गड़बड़ी की शिकायत मिल रही है। इस दौरान सिलचर के निरतामोई बालिका विद्यालय में बने बूथ नंबर 146 में मतदान रोक दिया गया है।
असम की नगांव सीट के बूथ नंबर 26 पर मतदान रोक दिया गया है। दरअसल, यहां ईवीएम में गड़बड़ी होने की जानकारी मिली है।
असम में दूसरे चरण के तहत 39 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान शुरू हो गया है। मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं।