ऑल असम स्टूडेंट्स यूनियन (आसू) के अध्यक्ष दिपांका कुमार नाथ ने असम के प्रभावशाली छात्र संगठन से इस्तीफा दे दिया। इस्तीफा देने के बाद नाथ ने कहा, मैंने कुछ निजीकारणों से आसू छोड़ने का फैसला किया है। संगठन के नेतृत्व में बदलाव पर चर्चा करने के लिए गुरुवार को गौहाटी विश्वविद्यालय में आसू की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई थी। कयास लगाए जा रहे हैं कि आसू नेता उत्पल शर्मा छात्रसंघ के अगले अध्यक्ष बनाए जा सकते हैं। सूत्रों की मानें तो दिपंका कुमार नाथ असम गण परिषद (एजीपी) में शामिल हो सकते हैं। उनके 2024 में लोकसभा चुनाव लड़ने के भी कयास लगाए जा रहे हैं। माना जा रहा है कि वह बरपेटा या गुवाहाटी से लोकसभा चुनाव लड़ सकते हैं।