असम बीजेपी के एक्स हैंडल पर पोस्ट किए गए मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के एक विवादित वीडियो को लेकर सियासी पारा चढ़ा हुआ है। मंगलवार को असम कांग्रेस ने सत्तारूढ़ बीजेपी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। कांग्रेस विधायक शिबामोनी बोरा और दिगंत बर्मन ने गुवाहाटी के दिसपुर पुलिस स्टेशन में इस वीडियो को लेकर शिकायत दी। इस वीडियो में मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा को एक राइफल के साथ दिखाया गया था। वीडियो शेयर करते ही इस पर विवाद खड़ा हो गया। विवाद बढ़ता देख इस वीडियो को डिलीट कर दिया गया।
क्या है पूरा मामला
दरअसल, असम बीजेपी ने शनिवार को अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर यह वीडियो पोस्ट किया था। वीडियो में मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा को राइफल से निशाना लगाते और दो लोगों पर गोली चलाते दिखाया गया। इनमें से एक व्यक्ति स्कल कैप पहने हुए था और दूसरे के चेहरे पर दाढ़ी थी। वीडियो के कैप्शन में लिखा था- "पॉइंट-ब्लैंक शॉट"। भारी राजनीतिक विरोध के बाद बीजेपी ने यह वीडियो डिलीट कर दिया।
सोमवार को मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि उन्हें इस वीडियो की कोई जानकारी नहीं है। वहीं, असम कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गौरव गोगोई ने सीएम पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि ऐसे वीडियो के जरिए मुसलमानों के खिलाफ नरसंहार भड़काने की कोशिश की जा रही है। गोगोई ने पुलिस से इस मामले में स्वत: संज्ञान लेने की मांग की थी।
कांग्रेस ने अपनी शिकायत में कहा है कि वीडियो में सरमा को मुसलमानों पर पॉइंट-ब्लैंक रेंज से गोली मारते दिखाया गया है। शिकायतकर्ता विधायकों ने दावा किया कि वीडियो में ओवरले टेक्स्ट के रूप में कुछ वाक्य थे जैसे- विदेशी मुक्त असम और बांग्लादेशियों को कोई माफी नहीं। कांग्रेस का कहना है कि ये शब्द राज्य के बंगाल मूल के मुसलमानों की ओर इशारा करते हैं, जिन्हें अक्सर मिया या बांग्लादेशी कहकर तंज कसा जाता है।
शिकायत में आगे कहा गया कि यह सामग्री एक खास समुदाय को निशाना बनाती है, जो बेहद उकसाने वाली और सांप्रदायिक है। इससे लोगों के बीच सामाजिक सौहार्द बिगड़ने का खतरा है। इससे पहले सोमवार को एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने हैदराबाद पुलिस में असम सीएम हिमंता बिस्वा सरमा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी और इस वीडियो को लेकर आपराधिक कार्रवाई की मांग की थी।
मुझे जानकारी नहीं: सीएम
इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा, "मुझे ऐसे किसी वीडियो की जानकारी नहीं है। अगर मेरे खिलाफ कोई केस दर्ज हुआ है तो मुझे गिरफ्तार कर लें, मुझे कोई आपत्ति नहीं। मैं जेल जाने के लिए तैयार हूं। मैं अपनी बात पर अडिग रहूंगा। मैं बांग्लादेशी घुसपैठियों का विरोध करता हूं और हमेशा करता रहूंगा।"
यह भी पढ़ें: 'चुनाव का एक हिस्सा सुप्रीम कोर्ट में लड़ा जाता है': असम सीएम हिमंत के वीडियो को लेकर दायर याचिका पर बोले CJI