'डिजिटल नॉर्थ ईस्ट विजन 2022' के तहत योजनाओं के लोकार्पण के दौरान शनिवार को असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल की ऐसी जुबान फिसली कि उन्होंने केंद्रीय सूचना एवं प्रौद्योगिकी मंत्री रविशंकर प्रसाद को सितार वादक बता दिया। हालांकि मजाक उड़ने पर उन्होंने बाद में माफी मांग लिया। इस कार्यक्रम में त्रिपुरा और मेघालय के मुख्यमंत्रियों के साथ ही अन्य कई मंत्री और नौकरशाह भी मौजूद थे।
दरअसल, सोनोवाल ने कार्यक्रम के दौरान अपने भाषण की शुरुआत करते हुए कहा 'मैं इस विजन डॉक्यूमेंट के लिए भाजपा सरकार के साथ-साथ पंडित रविशंकर जी का खासतौर पर धन्यवाद करना चाहूंगा।' हालांकि केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने उन्हें बीच में टोकते हुए कहा कि आपने तो मुझे पंडित बना दिया। उनके इतना कहते ही वहां मौजूद सभी लोग हंस पड़े। हालांकि बाद में उन्होंने रविशंकर प्रसाद के नाम का सही उच्चारण करते हुए अपना भाषण जारी रखा।
बता दें कि पंडित रविशंकर एक प्रसिद्ध सितार वादक और संगीतज्ञ थे। भारतीय संगीत को दुनियाभर में पहचान दिलाने के लिए वर्ष 1999 में उन्हें भारत रत्न से भी सम्मानित किया जा चुका है।
सर्बानंद सोनोवाल ने अपने भाषण के अंत में रविशंकर प्रसाद से माफी भी मांगी और अपनी गलती का बचाव करते हुए कहा 'मैं आपको उस तरह से संबोधित करने के लिए माफी चाहता हूं, लेकिन जब भी मैं आपका नाम लेता हूं, मुझे आपको पंडित कहकर संबोधित करने की इच्छा होती है। भगवान ने आपको ऐसा ज्ञान, परिपक्वता और साहस दिया है। आप सबकुछ गंभीरता से करते हैं।'