असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा एक बार फिर अपने सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर राजनीतिक चर्चा के केंद्र में आ गए हैं। इस बार उन्होंने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के साथ तस्वीर साझा की और टैग करते हुए लिखा "बुरे दिन....आप जानते हैं कौन"। इस छोटे लेकिन रहस्यमयी पोस्ट ने असम से लेकर पश्चिम बंगाल तक सियासी हलचल तेज कर दी है।
पोस्ट सामने आते ही असम से लेकर पश्चिम बंगाल तक राजनीतिक चर्चाओं का दौर तेज हो गया। हालांकि हिमंत सरमा ने किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन उनके इस ट्वीट को विपक्षी दलों, खासकर कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस (TMC) के खिलाफ बड़ा राजनीतिक संकेत माना जा रहा है।
असम में पवन खेड़ा पर इशारा?
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा का हालिया ट्वीट कांग्रेस नेता पवन खेड़ा की ओर भी इशारा हो सकता है। दरअसल, असम विधानसभा चुनाव से पहले पवन खेड़ा ने हिमंता सरमा की पत्नी रिनिकी भुइयां शर्मा पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। खेड़ा ने दावा किया था कि उनके पास कई पासपोर्ट हैं और विदेशों में अघोषित संपत्तियां मौजूद हैं।
इन आरोपों के बाद रिनिकी भुइयां शर्मा ने गुवाहाटी क्राइम ब्रांच में खेड़ा और अन्य लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कराया था। इसके बाद कानूनी लड़ाई सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गई।
बंगाल में TMC पर सियासी निशाना?
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के ट्वीट में बंगाल के नए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी को टैग किए जाने के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति भी गरमा गई है। राजनीतिक जानकार इसे सीधे तौर पर ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर निशाना मान रहे हैं। शुभेंदु अधिकारी लंबे समय से ममता बनर्जी और टीएमसी के खिलाफ भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था और चुनावी हिंसा जैसे मुद्दों पर आक्रामक रुख अपनाते रहे हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ पोस्ट
हिमंता सरमा का यह ट्वीट कुछ ही देर में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। भाजपा समर्थकों ने इसे विपक्ष के खिलाफ सियासी चेतावनी बताया, जबकि कांग्रेस और TMC समर्थकों ने इसे केवल राजनीतिक स्टंट करार दिया। कई यूजर्स ने ट्वीट के पीछे छिपे संकेतों को लेकर अलग-अलग कयास लगाने शुरू कर दिए। कुछ लोगों ने इसे आने वाले राजनीतिक या कानूनी घटनाक्रमों से जोड़कर देखा, जबकि कुछ ने इसे केवल विपक्ष पर मनोवैज्ञानिक दबाव बनाने की रणनीति बताया।