असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने बृहस्पतिवार को अल्पसंख्यक समुदाय से गरीबी कम करने को जनसंख्या नियंत्रण के लिए उचित परिवार नियोजन नीति अपनाने की अपील की।
अपनी सरकार के 30 दिन पूरे होने पर उन्होंने कहा कि समुदाय में गरीबी कम करने में मदद के लिए सभी पक्षकारों को आगे आना चाहिए और सरकार का समर्थन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार सभी गरीबों की संरक्षक है लेकिन उसे जनसंख्या वृद्धि के मुद्दे से निपटने के लिए अल्पसंख्यक समुदाय के सहयोग की जरूरत है।
जनसंख्या वृद्धि की मुख्य वजह गरीबी, निरक्षरता और उचित परिवार नियोजन की कमी है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार अल्पसंख्यक समुदाय की महिलाओं को शिक्षित करने का काम करेगी ताकि इस समस्या से प्रभावी रूप से निपटा जा सके।
उन्होंने कहा कि सरकार मंदिर, सत्रों और वन भूमि का अतिक्रमण नहीं करने दे सकती। उन्होंने कहा कि समुदाय के सदस्यों ने भी सरकार को आश्वस्त किया है कि वे इन भूमि का अतिक्रमण नहीं चाहते।