असम के मुख्यमंत्री हेमंता बिस्वसरमा ने मंगलवार को दावा किया कि अगवा किए गए ओएनजीसी के कर्मी रितुल सैकिया को प्रतिबंधित उल्फा (आई) ने म्यांमार में कहीं रखा है।
उन्होंने सांसदों-तपन कुमार गोगोई, कामाख्या प्रसाद और पल्लव लोचन दास तथा स्थानीय विधायक भास्कर ज्योति बरुआ के साथ जोरहाट के तिताबर में सैकिया के घर गए और उन्होंने सैकिया की पत्नी एवं माता-पिता को आश्वासन दिया कि सरकार उनकी सुरक्षित रिहाई की हर संभव प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री ने संवाददाताओं से कहा, हमने सैकिया के माता-पिता को आश्वासन दिया कि सरकार उन्हें वापस लाने का हर संभव प्रयास करेगी। असम सरकार को जो सूचना मिली है, उसके हिसाब से रितुल सैकिया भारत-म्यांमार सीमा के पास म्यांमार में कहीं हैं। सरमा ने बताया कि सरकार को जानकारी मिली है कि रितुल सैकिया सुरक्षित हैं।