केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि वेव्स बड़े पैमाने पर रचनात्मक समाधानों के लिए रचनाकारों, खरीदारों और बाजारों के बीच वैश्विक कनेक्टर के रूप में उभर रहा है। इसके जरिये खरीदारों और विक्रेताओं को एक मंच मिल रहा है, जहां रचनाकार अपनी रचनाएं पेश कर सकते हैं और कंपनियां गुणवत्तापूर्ण रचनात्मक कार्य हासिल कर सकती हैं।
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि रचनाकारों की दुनिया और उनकी अर्थव्यवस्था एक मौलिक परिवर्तन के दौर से गुजर रही है। वेव्स बड़े पैमाने पर रचनात्मक समाधानों के लिए रचनाकारों, खरीदारों और बाजारों के बीच वैश्विक कनेक्टर के रूप में उभर रहा है। इसके जरिये खरीदारों और विक्रेताओं को एक मंच मिल रहा है, जहां रचनाकार अपनी रचनाएं पेश कर सकते हैं और कंपनियां गुणवत्तापूर्ण रचनात्मक कार्य हासिल कर सकती हैं।
विज्ञापन
वैष्णव ने मुंबई में 1 से 4 मई तक होने वाले पहले विश्व दृश्य-श्रव्य एवं मनोरंजन शिखर सम्मेलन (वेव्स) से पहले शनिवार को समाचार मीडिया संगठनों के साथ विचार-विमर्श किया। इसमें राष्ट्रीय और क्षेत्रीय समाचार मीडिया के करीब 20 मीडिया घरानों ने हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि प्रौद्योगिकी के आने के साथ पुराना मॉडल नए मॉडल के लिए मार्ग प्रशस्त कर रहा है। इससे अवसरों के साथ-साथ चुनौतियां भी पैदा हो रही हैं। मीडिया जगत का स्वरूप बदल रहा है और नए मॉडल के लिए प्रतिक्रिया देने के लिए पूरे देश की सामूहिक आवश्यकता है। उन्होंने एक उदाहरण देते हुए कहा कि वे दिन गए जब कंटेंट बनाने के लिए बड़े स्टूडियो की आवश्यकता होती थी। मौजूदा समय में झारखंड या केरल के किसी सुदूर गांव का कोई भी क्रिएटर अच्छी गुणवत्ता वाला कंटेंट तैयार कर सकता है और उसे लाखों व्यूज मिल सकते हैं।
वेव्स के लिए एक लाख से अधिक पंजीकरण
वैष्णव ने कहा कि वेव्स के लिए एक लाख से अधिक पंजीकरण हुए हैं। इससे भारत की रचनात्मक अर्थव्यवस्था को भारी प्रोत्साहन मिला है। इसमें 750 शीर्ष स्तरीय रचनाकार अपने कार्य का प्रदर्शन करेंगे। शीर्ष नवप्रवर्तकों को पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा, जो विकसित वैश्विक मीडिया और मनोरंजन परिदृश्य में उनके योगदान का उत्सव मनाएंगे। उन्होंने कहा कि हम दुनिया को अपने रचनाकारों से जोड़ने का एक माध्यम खोज रहे हैं।
मीडिया संगठनों ने सरकार को दी बधाई
मीडिया संगठनों के प्रमुखों ने वेव्स के लिए सरकार को बधाई दी। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव संजय जाजू ने मीडिया परिदृश्य के भविष्य को आकार देने में सामूहिक संवाद के महत्व पर प्रकाश डाला।
वैष्णव ने विभिन्न मंचों पर हितधारकों के साथ जुड़ने के लिए मंत्रालय की प्रतिबद्धता पर बल दिया और वेव्स 2025 की अगुवाई में मीडिया संगठनों की सक्रिय भागीदारी की प्रशंसा की।