ओडिशा से राज्यसभा चुनाव के लिए तीसरे प्रत्याशी को लेकर जारी असमंजस के बीच रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव दो दिन के दौरे पर बुधवार को भुवनेश्वर जा रहे हैं। 27 फरवरी को होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन की अंतिम तिथि 15 फरवरी है। वैष्णव के दौरे से उनके ओडिशा से राज्यसभा जाने की चर्चा तेज हो गई है। 2019 में भी वह सत्तारूढ़ बीजद के समर्थन से ही राज्यसभा पहुंचे थे। इस बार भी बीजद के समर्थन से ही उनके उच्च सदन में पहुंचने की संभावना है। हालांकि, आधिकारिक तौर पर भाजपा या बीजद की तरफ से इस बारे में कुछ नहीं कहा गया है। वैष्णव समेत राज्य से राज्यसभा के तीन सदस्यों का कार्यकाल इस साल अप्रैल में खत्म हो रहा है। आंकड़ों के मुताबिक, बीजद राज्य की सभी तीनों राज्यसभा सीटों पर अपने प्रत्याशी को जीत दिला सकता था। लेकिन उसने सिर्फ दो ही प्रत्याशी को अभी तक मैदान में उतारा है, जिन्होंने मंगलवार को नामांकन भी कर दिया।