राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस महासचिव अशोक गहलोत ने सोमवार को भाजपा पर जोरदार हमला किया। गहलोत ने कहा कि आने वाले चुनावों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जादू नहीं चलने वाला है और मोदी की लोकप्रियता का ग्राफ बहुत तेजी से नीचे आया है। उन्होंने नोटबंदी को मोदी सरकार का बड़ा घपला बताया।
गहलोत ने भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के राजस्थान दौरे की चर्चा करते हुए कहा कि शाह यहां वसुंधरा राजे सरकार के काम और प्रदर्शन का जिक्र नहीं कर रहे बल्कि मोदी के नाम पर वोट मांग रहे हैं। गहलोत ने कहा, ‘‘मोदी जी का जादू नहीं चलने वाला। उनका समय गया। उनका ग्राफ बहुत तेजी से नीचे आया है।’’
पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा, ‘कोई आश्चर्य नहीं की आने वाले चुनाव में इनका सफाया हो जाए।’
आगामी चुनावों में महागठबंधन की सुगबुगाहट पर गहलोत ने कहा कि देश हित में जनता का कांग्रेस सहित सभी राजनीतिक दलों पर दबाव बनेगा और उन्हें एक मंच पर आना ही पड़ेगा ताकि फासीवादी खतरों से निपटा जा सके। हालांकि इस बारे में सारी बातचीत अभी शुरुआती चरण में ही है।