एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने ओमान की खाड़ी में एक व्यापारी जहाज पर हुए अमेरिकी सैन्य हमले की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने इस कार्रवाई को अंतरराष्ट्रीय नियमों के विरुद्ध बताते हुए कहा कि किसी भी देश को बिना उचित अधिकार के नागरिक जहाजों को निशाना नहीं बनाना चाहिए। ओवैसी ने हमले में भारतीय नाविकों की मौत पर चिंता जताई और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर विश्व शांति के लिए खतरा होने का आरोप लगाया है। असदुद्दीन ओवैसी ने ये टिप्पणी ओमान की खाड़ी में एक व्यापारी जहाज पर अमेरिकी सैन्य हमले में तीन भारतीय नाविकों की मौत पर सख्त प्रतिक्रिया देते हुए की।
विज्ञापन
असदुद्दीन ओवैसी ने अमेरिकी कार्रवाई को पूरी तरह से अवैध करार देते हुए सवाल उठाया कि अमेरिका को किसी भी जहाज पर हमला करने का अधिकार किसने दिया है। संवाददाताओं से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा, "डोनाल्ड ट्रंप विश्व शांति के लिए खतरा हैं। आप किसी भी जहाज पर हमला नहीं कर सकते। यह क्या है? आप जहाजों पर हमला क्यों कर रहे हैं? किसी भी जहाज पर हमला करने का अधिकार आपको किसने दिया है? वह चाहे किसी भी झंडे का हो, आप उस पर हमला कैसे कर सकते हैं?"
हमले में तीन भारतीय नाविकों की मौत पर भड़के ओवैसी
एआईएमआईएम सांसद ने इस बात पर जोर दिया कि इस घटना में तीन भारतीयों की जान चली गई है और उनके परिवार अब पीड़ित हैं। ओवैसी ने कहा कि भले ही वह ईरानी सैन्य जहाज होता, तब भी अमेरिका को उस पर हमला करने का कोई अधिकार नहीं था। उन्होंने इसे शुद्ध दादागिरी करार दिया।
विज्ञापन
पीएम मोदी पर भी खड़े किए सवाल
असदुद्दीन ओवैसी ने इस बात पर नाराजगी जताई कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीयों की हत्या की निंदा में एक शब्द भी नहीं कहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि अमेरिकी दूतावास के एक अधिकारी को बुलाकर केवल असंतोष व्यक्त करने का क्या मतलब है। हालांकि, एआईएमआईएम सांसद ओवैसी ने ओमान सरकार का आभार जताया कि इस सप्ताह की शुरुआत में उनके जहाज पर हमला होने के बाद भारतीय नाविकों की मदद की।
ट्रंप ने किया ईरान के साथ जल्द समझौते का दावा
इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर एक बेहद चौंकाने वाला दावा किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर घोषणा की है कि ईरान के साथ एक नया और ऐतिहासिक समझौता होने जा रहा है। इस डील पर कल ही हस्ताक्षर किए जाएंगे। ट्रंप का दावा है कि इस नए समझौते के तुरंत बाद रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य को सभी के लिए पूरी तरह खोल दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में ईरान के साथ अमेरिका के संबंध पिछली सरकारों की तुलना में बहुत अलग और काफी बेहतर हो चुके हैं।
ओबामा प्रशासन पर निशाना
ट्रंप ने अपने बयान में पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा के कार्यकाल में हुए साल 2015 के परमाणु समझौते (जेसीपीओए) पर निशाना साधा है। उन्होंने दावा किया कि ओबामा की वह डील ईरान के लिए परमाणु हथियार हासिल करने का एक बेहद आसान, खूबसूरत और सुगम रास्ता थी।